रक्षा बंधन पर नक्सली क्षेत्र में तैनात जवानों की कलाइयों पर बंधी राखी, बैगा बहनों ने पेश की अनोखी मिसाल
रक्षा बंधन पर उकवा की सर्व धर्म सेवा समिति ने रूपझर थाना में नक्सली क्षेत्र के जवानों को राखी बांधी। पहली बार पचामा घोंदी की बैगा बहनों ने भाग लेकर भाईचारे और आस्था की अनोखी मिसाल पेश की।
भाई-बहन के अटूट प्रेम और आस्था का प्रतीक त्योहार रक्षा बंधन के अवसर पर, बहनें भाइयों की कलाई पर राखी और रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सलामती और लंबी उम्र की कामना करती हैं। भाई भी जीवनभर बहन की रक्षा और सुख-दुख में साथ निभाने का वादा करते हैं।
उकवा की सामाजिक संस्था सर्व धर्म सेवा समिति पिछले 20 वर्षों से राष्ट्र रक्षा सूत्र बंधन कार्यक्रम आयोजित कर, नक्सली क्षेत्र में तैनात जवानों की सुनी कलाइयों पर राखी बांधकर उनकी सेवा और बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करती है।
इस वर्ष भी संस्था द्वारा रूपझर थाना परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। विशेष बात यह रही कि पहली बार अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र पचामा घोंदी की बैगा बहनें रूपझर थाना पहुंचीं। उन्होंने थाल सजाकर पुलिस जवानों को राखी और रक्षा सूत्र बांधा। यह पहल न सिर्फ भाईचारे और आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की।