Sonipat News: अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराई, एलएलबी के छात्र की मौत
Uncontrolled car collides with divider, LLB student dies
Uncontrolled car collides with divider, LLB student dies
राई। नेशनल हाईवे-44 स्थित बहालगढ़ फ्लाईओवर पर अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार एलएलबी के छात्र की मौत हो गई। वह अपने दोस्त के साथ मुरथल खाना खाने आया था। हादसे में इकलौते बेटे की मौत के बाद पिता ने उसके साथी पर लापरवाही से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली के पंजाबी बाग स्थित स्वयंसिद्ध कॉलोनी निवासी मोहन बहादुर ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि उनका बेटा रोहित कुमार दिल्ली विश्वविद्यालय में एलएलबी का छात्र था। उनका बेटा रोहित अपने दोस्त दिल्ली के लक्ष्मी नगर निवासी मधुसूदन उर्फ केशव के साथ कार से मुरथल ढाबे पर खाना खाने के लिए आया था। देर रात 10 बजे उनके बेटे रोहित ने कॉल कर बताया था कि वह मधुसूदन के साथ मुरथल आया हुआ है। मधुसूदन कार को तेज गति से चला रहा है। इसपर उन्होंने भी बेटे रोहित के मोबाइल पर मधुसूदन को समझाया था कि आराम से खाना खाकर घर आ जाओ। रविवार तड़के चार बजे रोहित के मोबाइल से मधुसूदन ने कॉल की और बताया कि उनकी कार का बहालगढ़ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। वह मुरथल रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती है। इस पर वह परिजनों के साथ सुबह अस्पताल में पहुंचे तो उनके बेटे की मौत हो चुकी थी। वहां पता लगा कि कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी। जिस पर पुलिस को बताया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस न मधुसूदन के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मोहन बहादुर ने बताया कि रोहित उनका इकलौता बेटा था। अब रोहित से बड़ी एक बेटी है। इकलौते बेटे की मौत से परिवार के सदस्यों को रोकर बुरा हाल है।