Sonipat News: डेयरी संचालक की केएमपी एक्सप्रेस वे पर गोली मारकर हत्या
कुंडली-पलवल-मानेसर एक्सप्रेस-वे पर जठेड़ी गांव के पास कार सवार डेयरी संचालक की सिर में दो गोली मारकर हत्या कर दी गई। तड़के करीब तीन बजे राहगीर ने डिवाइडर पर कार चढ़ी देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
राई (सोनीपत)। कुंडली-पलवल-मानेसर एक्सप्रेस-वे पर जठेड़ी गांव के पास कार सवार डेयरी संचालक की सिर में दो गोली मारकर हत्या कर दी गई। तड़के करीब तीन बजे राहगीर ने डिवाइडर पर कार चढ़ी देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दिल्ली के आजादपुर स्थित गोपाल नगर के रहने वाले नरेश कुमार ने बताया कि उनके भाई सुरेश (42) पहले दिल्ली के स्वरूप नगर में रहते थे। वह आजादपुर मंडी में दूध डेयरी चलाते थे। पत्नी से मनमुटाव के चलते वह दूध डेयरी में अकेले रह रहे थे। शुक्रवार तड़के चार बजे उन्हें सूचना मिली कि सुरेश की केएमपी पर गोली मारकर हत्या कर दी गई है। नरेश ने बताया कि सुरेश रात करीब नौ बजे अपने परिचित जयपाल की कार लेकर सोनीपत के लिए निकले थे। रात को किसी ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने नरेश के बयान पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
राहगीर ने पुलिस को दी सूचना
तड़के करीब तीन बजे एक राहगीर ने कार डिवाइडर पर चढ़ी देखकर पुलिस को सूचना दी। इस पर एसआई सब्बल की टीम मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर जांच कराई। सूचना पर एसीपी मुकेश जाखड़ व राई थाना प्रभारी उमेश कुमार भी माैके पर पहुंचे और माैका मुआयना किया।
मोबाइल रिकॉर्ड खंगालेगी पुलिस, कई पहलू पर होगी जांच
सुरेश के परिजनों ने किसी से रंजिश होने से इन्कार किया है। ऐसे में पुलिस मृतक की कॉल डिटेल खंगालने के साथ ही अन्य पहलू की भी गहनता से जांच करेगी। पुलिस ब्लाइंड मर्डर के खुलासे के लिए कड़ी से कड़ी जोड़ने में लगी है। पता लगाया जा रहा है कि आखिर सुरेश सोनीपत में किससे मिलने आया था? और वह केएमपी पर कैसे पहुंचा?
पत्नी से चल रहा था मनमुटाव, दो साल से थे अलग
परिजनों ने बताया है कि सुरेश का अपनी पत्नी भारती से मनमुटाव चल रहा है। वह दो साल से पत्नी से अलग रह रहे थे। उनकी दो बेटियां और एक बेटा है। पत्नी बच्चों सहित मायके में रहती है। पुलिस ने पत्नी से भी संपर्क किया है। सुरेश चार भाइयों में सबसे छोटे थे।
शव लेने पहुंचे पुलिस वाहन को नशेड़ी ने मारी टक्कर
एसपीओ मुकेश ने बताया कि वह तड़के पुलिस वाहन लेकर शव लेने पहुंचे थे। वह केएमपी पर वाहन रोककर उतरते, इससे पहल ही पीछे से एक कार सवार ने पुलिस वाहन को टक्कर मार दी। कार चालक भी नशे में धुत था। उसकी पहचान यूपी के बरेली निवासी साहिल के रूप में हुई है। एसपीओ ने आरोपी कार चालक के खिलाफ राई थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।