दुबई एयर शो में तेजस लड़ाकू विमान क्रैश, भारतीय वायुसेना के पायलट की मौत
दुबई एयर शो में भारतीय वायुसेना का तेजस LCA Mk-1 विमान क्रैश होने से पायलट की मौत। हादसे की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी का आदेश।
दुबई एयर शो में शुक्रवार को भारतीय वायुसेना का स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस LCA Mk-1 एक हवाई प्रदर्शन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें भारतीय पायलट की मौत हो गई। भारतीय वायुसेना ने बयान जारी करते हुए कहा कि, “दुबई एयर शो में एक हवाई प्रदर्शन के दौरान तेजस विमान हादसे का शिकार हो गया। पायलट को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। भारतीय वायुसेना इस अपूरणीय क्षति पर गहरा शोक व्यक्त करती है और इस कठिन समय में शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। हादसे के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित की जा रही है।”
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिखाई दे रहा है कि स्वदेशी तेजस लड़ाकू विमान अचानक जमीन से टकरा गया और तेज धमाके के साथ आग के गोले में बदल गया। यह दुर्घटना ऐसे समय हुई है जब भारतीय वायुसेना उन्नत संस्करण LCA Mk-1A को बेड़े में शामिल करने की तैयारी कर रही है।
इससे पहले भी 12 मार्च 2024 को राजस्थान के जैसलमेर के पास एक तेजस विमान क्रैश हुआ था। यह विमान ‘भारत शक्ति’ त्रिसेवा अभ्यास में शामिल होने के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, हालांकि उस समय पायलट सुरक्षित बाहर निकल आए थे। दोनों घटनाओं में शामिल विमान Mk-1 श्रृंखला के प्रारंभिक वैरिएंट — IOC (Initial Operational Clearance) और FOC (Final Operational Clearance) — से संबंधित थे, जो तेजस के शुरुआती संस्करण हैं।
भारतीय वायुसेना ने जुलाई 2016 में अपना पहला तेजस विमान शामिल किया था और वर्तमान में दो Mk-1 स्क्वाड्रन संचालित कर रही है, जिनमें 16 से 18 विमान होते हैं।
दुबई एयर शो, जो 17 नवंबर से शुरू होकर 21 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा था, दुनिया की प्रमुख रक्षा और एयरोस्पेस कंपनियों के लिए एक बड़ा मंच रहा। इस शो में 150 देशों से उद्योग विशेषज्ञ पहुंचे थे। बोम्बार्डियर, दासॉल्ट एविएशन, एम्ब्रेयर, थेल्स, एयरबस, लॉकहीड मार्टिन और कैलिडस जैसी बड़ी वैश्विक कंपनियों ने इसमें हिस्सा लिया।
यह एयर शो अपने भव्य विमानों, रक्षा तकनीक और बड़े विमान सौदों के लिए सुर्खियों में रहा, लेकिन इस बार भारतीय तेजस विमान के हादसे ने आयोजन को दुखद मोड़ दे दिया।