वैशाली में चुनाव की तैयारी तेज, महिला मतदाता फिर निभाएंगी निर्णायक भूमिका

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों में वैशाली जिला प्रशासन पूरी तरह जुटा है। प्रशासन का लक्ष्य स्वच्छ और शांतिपूर्ण मतदान के साथ महिला मतदाताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करना है।

वैशाली में चुनाव की तैयारी तेज, महिला मतदाता फिर निभाएंगी निर्णायक भूमिका

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मी के बीच वैशाली जिला प्रशासन ने चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पहले चरण के नामांकन के साथ ही प्रशासन का फोकस स्वच्छ, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने पर है।

जिला प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, वैशाली जिले में कुल 26,42,532 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें 13,86,409 पुरुष, 12,56,030 महिलाएं और 93 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।

महिलाओं की बढ़ती भूमिका

पिछले चुनावी आंकड़े बताते हैं कि वैशाली की महिलाएं मतदान में हमेशा अग्रणी रही हैं।
पिछले लोकसभा चुनाव में महिलाओं का मतदान प्रतिशत 66.60% रहा, जबकि पुरुषों का 57.58%। इसी तरह 2020 विधानसभा चुनाव में महिलाओं का मतदान प्रतिशत 59.58% और पुरुषों का 54.68% दर्ज किया गया।

इन आंकड़ों को देखते हुए जिला प्रशासन इस बार भी महिलाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चला रहा है। जिलाधिकारी वैशाली स्वयं BLOs, जीविका दीदी और चुनाव कर्मियों के साथ लगातार संवाद कर रही हैं। उन्होंने निर्देश दिया है कि जिन महिलाओं के नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुए हैं, उन्हें आगामी पांच दिनों के भीतर पंजीकृत किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा,
“हमारा लक्ष्य है कि वैशाली की महिलाएं लोकतंत्र के इस महापर्व में पहले की तरह इस बार भी निर्णायक भूमिका निभाएं और मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लें।”

वैशाली प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार महिला मतदाताओं की भागीदारी न केवल अधिक होगी, बल्कि वे चुनाव परिणामों में निर्णायक योगदान भी देंगी।