मथुरा रिफाइनरी हादसा: धमाके से दहल गया पूरा क्षेत्र, आखिर कैसे हुए लीकेज...जांच में खुलेगा राज
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के चेयरमैन एएस साहनी भी रिफाइनरी पहुंचे और सारी जानकारी जुटाई।
मथुरा रिफाइनरी में हुई आग की घटना का स्पष्ट कारण का पता लगाने के लिए उच्च स्तरीय जांच समिति बुधवार को यहां पहुंची। अहम बिंदु यह रहा कि चालीस दिन तक यूनिट बंद कर मरम्मत का कार्य किया गया, फिर भी एवीयू में ठीक से काम नहीं किया गया। यही कारण रहा कि वह ट्रायल शुरू होते ही लीक हो गई। ओआईएसडी, पेसो और आईओसीएच की सात सदस्यीय यह टीम तीन दिन तक यहां पर जांच करेगी। उधर इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के चेयरमैन एएस साहनी भी रिफाइनरी पहुंचे और सारी जानकारी जुटाई।
मंगलवार को रिफाइनरी की मदर यूनिट एडि्रफेरिक वैक्यूम यूनिट (एवीयू) में मरम्मत का कार्य पूर्ण होने के बाद इसकी टेस्टिंग चल रही थी। इसी दौरान करीब शाम 7 बजे नैफ्था (शोधित होने के बाद का तेल) की लाइन में लीकेज होने से तेज धमाके के बाद आग भड़क गई। यूनिट में मौजूद कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए। प्राथमिक जांच में नैफ्था की लाइन पर अत्यधिक दबाव हादसे का कारण माना जा रहा है।