हरियाणा खेलकूद विश्वविद्यालय को मिली यूजीसी की मान्यता : अशोक कुमार

राई (सोनीपत)। प्रदेश के एकमात्र विश्वविद्यालय हरियाणा खेलकूद विश्वविद्यालय को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से मान्यता मिल गई है।

हरियाणा खेलकूद विश्वविद्यालय को मिली यूजीसी की मान्यता : अशोक कुमार

राई (सोनीपत)। प्रदेश के एकमात्र विश्वविद्यालय हरियाणा खेलकूद विश्वविद्यालय को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से मान्यता मिल गई है। अब विश्वविद्यालय में खिलाड़ियों के लिए नए पाठ्यक्रम लाने की तैयारी की जा रही है। यह जानकारी हरियाणा खेलकूद विश्वविद्यालय के कुलपति एवं उत्तराखंड के सेवानिवृत्त डीजीजी अशोक कुमार ने दी।

पत्रकारों से बातचीत में कुलपति अशोक कुमार ने कहा कि हरियाणा खेलकूद विश्वविद्यालय को मान्यता मिलने का फायदा यह होगा कि विश्वविद्यालय से किसी भी पाठ्यक्रम की मान्यता देश में सभी नौकरी के लिए मान्य होगी। बताया कि खेलकूद विश्वविद्यालय फिलहाल खेलकूद विद्यालय के भवन में चल रहा है। विश्वविद्यालय के अपने भवन का निर्माण कार्य अगस्त से शुरू किया जाएगा। तीन वर्ष में भवन निर्माण का कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि दो वर्ष पहले 25 अप्रैल 2022 को कागजी रूप से अस्तित्व में आए खेलकूद विवि में दूसरा शैक्षणिक सत्र चल रहा है। यहां अलग-अलग पाठ्यक्रम में 65 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यूजीसी अधिनियम 1956 की धारा 2 (एफ) के तहत यूजीसी की तरफ से मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों की उत्कृष्ट सूची में खेल विश्वविद्यालय को शामिल किया जाना बड़ी उपलब्धि है। डीन स्कूल ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स डाॅ. योगेश चंद्र ने अपने अनुभव और विशेषज्ञता के साथ विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

आठ नए पाठ्यक्रम लाने की तैयारी
कुलपति अशोक कुमार ने बताया कि यूजीसी की मंजूरी के साथ ही प्रदेश के खेलकूद विवि के सभी पाठ्यक्रम भारत में होने वाली यूपीएससी, पीएससी व एसएससी जैसी सरकारी नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मान्य होंगे। इससे हमारे विद्यार्थियों को बड़े पैमाने पर कॅरिअर बनाने का मौका मिलेगा। प्रशिक्षकों व खिलाड़ियों को नवीनतम सुविधाएं प्रदान करने के लिए खेल विज्ञान में आठ नए स्नातक के पाठ्यक्रम लाए जाएंगे। इनमें मनोविज्ञान, पोषण, फिजियोथेरेपी, स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग व कोचिंग शामिल हैं।