हरियाणा के आठ जिलों में बारिश के आसार, तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

उत्तर पर्वतीय क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मंगलवार को हरियाणा के पंजाब से सटे आठ जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है,

हरियाणा के आठ जिलों में बारिश के आसार, तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

उत्तर पर्वतीय क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मंगलवार को हरियाणा के पंजाब से सटे आठ जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि बाकी जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, इस विक्षोभ के चलते उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी राज्यों में हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली के कुछ जिलों में ही बारिश होगी। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, जींद, सिरसा और फतेहाबाद शामिल हैं। चार मार्च तक यह विक्षोभ आगे बढ़ जाएगा, जिसके बाद उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से दिन और रात के तापमान में गिरावट आएगी।

सोमवार को मौसम साफ रहने और अच्छी धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। महेंद्रगढ़ में 30.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट देखी गई, जिसमें हिसार का तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।