बेगूसराय में गिरिराज सिंह ने किया रक्तदान शिविर का उद्घाटन, कहा- मोदी-नीतीश की जोड़ी विकास की प्रतीक

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत गिरिराज सिंह ने बेगूसराय में रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि मोदी-नीतीश की जोड़ी विकास की प्रतीक है और बिहार में एनडीए की जीत तय है।

बेगूसराय में गिरिराज सिंह ने किया रक्तदान शिविर का उद्घाटन, कहा- मोदी-नीतीश की जोड़ी विकास की प्रतीक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को देशभर में सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बेगूसराय में रोटरी ब्लड बैंक के नए भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक स्वेच्छा से रक्तदान भी किया।

मीडिया से बातचीत करते हुए गिरिराज सिंह ने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह कार्यकर्ताओं से संवाद के लिए बेगूसराय आ रहे हैं। इस बैठक में पांच जिलों के प्रमुख भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि चुनावी माहौल में स्वाभाविक रूप से चुनावी रणनीतियों पर भी चर्चा होगी।

गिरिराज सिंह ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी विकास की प्रतीक है और बिहार की जनता इस पर अपनी मुहर लगाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि बेगूसराय की सभी सात विधानसभा सीटों पर एनडीए गठबंधन की जीत होगी।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव की राजनीतिक जमीन राहुल गांधी छीन चुके हैं, और अब उनका सारा ग्लैमर खत्म हो गया है। तेजस्वी अब राहुल के पीछे-पीछे घूम रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि बिहार की राजनीति में कांग्रेस का कोई अस्तित्व नहीं बचा है और राहुल-तेजस्वी के बीच मतभेद अब जगजाहिर हो चुके हैं। कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, "इन लोगों ने प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम घोषित कर दिया, लेकिन मुख्यमंत्री पद के लिए किसी का नाम तक सामने नहीं रखा। अब ये इधर-उधर भटकते हुए शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं।"

गिरिराज सिंह ने विश्वास जताया कि बिहार की जनता एनडीए पर भरोसा रखती है और आने वाले विधानसभा चुनाव में उसी पर अपनी मुहर लगाएगी।