भाजपा ने पटना में खोला मीडिया सेंटर, बिहार चुनाव की मीडिया रणनीति को दिया अंतिम रूप
भाजपा ने पटना में नया मीडिया सेंटर खोला और मीडिया कार्यशाला आयोजित की। कार्यशाला में बिहार चुनाव की रणनीति और प्रभावी संचार पर चर्चा हुई।

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पटना के होटल चाणक्या में अपने नए 'मीडिया सेंटर' का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पार्टी की मीडिया रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए एक विशेष 'मीडिया कार्यशाला' का आयोजन भी किया गया।
मीडिया सेंटर का उद्घाटन भाजपा के बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार जायसवाल और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर मीडिया कार्यशाला का शुभारंभ किया और मीडिया विभाग से जुड़े पदाधिकारियों को संबोधित किया।
जायसवाल ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य मीडिया विभाग के पदाधिकारियों को चुनाव के दौरान प्रभावी संचार के लिए तैयार करना है। उद्घाटन सत्र में संगठन की मीडिया रणनीति, प्रभावी संवाद की दिशा और जनता तक एनडीए सरकार की नीतियों एवं योजनाओं को पहुंचाने की रूपरेखा पर गहन चर्चा हुई।
उन्होंने बताया कि मीडिया कार्यशाला के माध्यम से पार्टी यह सुनिश्चित करना चाहती है कि चुनावी संदेश सही समय पर और प्रभावी तरीके से आम जनता तक पहुंचे। यह कदम बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत की रणनीति को और मजबूत करेगा।