बीजापुर के 30 गांवों को जोड़ने के लिए चिंतावागु नदी पर बनेगा पुल, हाईकोर्ट में दी गई जानकारी
बीजापुर जिले के 30 गांवों को जोड़ने के लिए चिंतावागु नदी पर पुल बनेगा, राज्य शासन ने हाईकोर्ट को दी जानकारी, टेंडर प्रक्रिया जारी।
छत्तीसगढ़ शासन ने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय को जानकारी दी है कि बीजापुर जिले के 30 गांवों को जोड़ने के लिए चिंतावागु नदी पर पुल निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। शासन ने बताया कि पुल निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है।
दरअसल, अगस्त 2024 में भारी बारिश के कारण बीजापुर के कई गांव बाढ़ से घिर गए थे, जिससे ग्रामीणों को राशन, दवाइयां और जरूरी सामान प्राप्त करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेकर मामले को जनहित याचिका के रूप में स्वीकार किया और राज्य सरकार से जवाब मांगा था।
अब शासन ने अदालत को सूचित किया है कि प्रभावित गांवों के संपर्क साधनों को मजबूत करने के उद्देश्य से चिंतावागु नदी पर पुल निर्माण का निर्णय लिया गया है और इस पर तेजी से काम जारी है।