अनिमेष कुजूर और मुहम्मद अफसल ने रचा नया इतिहास, तोड़े राष्ट्रीय रिकार्ड
अनिमेष कुजूर ने 100 मीटर दौड़ में नया राष्ट्रीय रिकार्ड बनाया, जबकि मुहम्मद अफसल ने 800 मीटर में खुद का ही रिकार्ड तोड़ा। भारतीय एथलेटिक्स को दो बड़ी उपलब्धियाँ मिलीं।
भारतीय एथलेटिक्स को दो नई उपलब्धियाँ मिली हैं। धावक अनिमेष कुजूर ने ग्रीस की राजधानी एथेंस में आयोजित प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़ मात्र 10.18 सेकंड में पूरी कर नया राष्ट्रीय रिकार्ड बना दिया है। उन्होंने इससे पहले गुरिंदरवीर द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इसके साथ ही, 200 मीटर का राष्ट्रीय रिकार्ड भी कुजूर के ही नाम है, जो उन्हें देश के सबसे तेज धावकों में शामिल करता है।
दूसरी ओर, एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता मुहम्मद अफसल ने पोलैंड में आयोजित 800 मीटर दौड़ में 1 मिनट 45 सेकंड में रेस पूरी कर अपना ही राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़ दिया। हालांकि इस स्पर्धा में तीनों पदक पोलैंड के धावकों ने जीते, लेकिन अफसल ने अपनी बेहतरीन फॉर्म साबित करते हुए नया राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किया।