बीएसएनएल ने 4G और 5G विस्तार में बढ़ाया कदम, पहाड़ी और सीमावर्ती इलाकों में मिल रही मजबूत कनेक्टिविटी
बीएसएनएल ने आत्मनिर्भर भारत के तहत 95,537 4G साइटों की स्थापना की; पहाड़ी व सीमावर्ती इलाकों में मजबूत नेटवर्क विस्तार; 5G अपग्रेड की भी तैयारी।
संचार एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्रशेखर ने लोकसभा में जानकारी दी कि बीएसएनएल सहित देश के सभी प्रमुख दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के ग्राहक आंकड़े ट्राई की वेबसाइट पर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हैं। आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत बीएसएनएल ने स्वदेशी तकनीक से विकसित 4G नेटवर्क के लिए बड़े स्तर पर खरीद आदेश जारी किया है।
सितंबर 2023 से शुरू हुई 4G उपकरणों की आपूर्ति के चलते अब तक 30 जून 2025 तक 95,537 4G साइटें स्थापित की जा चुकी हैं, जिनमें से 90,035 साइटें ऑन-एयर हो चुकी हैं। ये सभी उपकरण भविष्य में 5G अपग्रेड के लिए उपयुक्त हैं।
डॉ. चंद्रशेखर ने यह भी बताया कि देश के दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क विस्तार के लिए सरकार डिजिटल भारत निधि (पूर्व में यूएसओएफ) के तहत कई योजनाएं चला रही है:
-
कवर न किए गए गांवों में 4G सेवाएं (4G संतृप्ति परियोजना)
-
सीमावर्ती क्षेत्रों की चौकियों (बीओपी/बीआईपी) में 4G सेवाएं
-
वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क विस्तार
-
आकांक्षी जिलों में मोबाइल सेवा परियोजनाएं
-
पूर्वोत्तर राज्यों में सीमावर्ती गांवों व राजमार्गों पर मोबाइल कवरेज
-
भारतनेट परियोजना के माध्यम से ग्राम पंचायतों में ब्रॉडबैंड सेवा
बीएसएनएल के प्रदर्शन में भी लगातार सुधार देखा गया है। सरकार द्वारा दिए गए पुनरुद्धार पैकेजों के चलते बीएसएनएल ने वित्त वर्ष 2020-21 से ही परिचालन लाभ अर्जित करना शुरू कर दिया है। वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी तिमाही में बीएसएनएल को 262 करोड़ रुपये और चौथी तिमाही में 280 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है।