भोपाल- संभागायुक्त ने बाग-बगीचे एवं फायर सेफ्टी के दिए निर्देश
भोपाल में जन भागीदारी से अंकुर उपवन विकसित किए जाएंगे। संभागायुक्त संजीव सिंह ने वृक्षारोपण की निगरानी, जीआईएस मैपिंग और फायर सेफ्टी ऑडिट के निर्देश दिए।
भोपाल के नगरीय क्षेत्रों में वृक्षारोपण कर अंकुर उपवन बनाए जाएंगे। इसके निर्देश संभागायुक्त संजीव सिंह ने अधिकारियों को दिए हैं। अंकुर उपवन जन भागीदारी से तैयार किए जाएंगे। यही नहीं संभागायुक्त ने वृक्षोरापण पश्चात पौधों के जीवित रहने का प्रतिशत एवं भौतिक सत्यापन एवं बाग-बगीचों की जीआईएस मैपिंग कर जानकारी सम्मिलित करने के निर्देश भी दिए।
संभागायुक्त ने नगर निगम को फायर सेफ्टी के लिए सभी संस्थानों में फायर एनओसी की जांच करने के निर्देश भी दिए। संभागायुक्त ने बाग-बगीचे एवं फायर सेफ्टी की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। संभागायुक्त सिंह ने नगर निगम अधिकारियों को जून माह में फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकतानुसार स्वत- संज्ञान लेकर कार्यवाही करें तथा संबंधित पक्षों को अग्नि एनओसी प्रमाण पत्र के नवीनीकरण कराने के संबंध में नोटिस जारी करें।