आगरा तिहरे हत्याकांड में बड़ा खुलासा: अहम सुबूत डायरी जांच के दौरान हुई गायब

आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र के फाउंड्री नगर इलाके में पांच साल पहले हुए तिहरे हत्याकांड के अहम सुबूत के रूप में जमा कराई गई डायरी अदालत तक नहीं पहुंच सकी।

आगरा तिहरे हत्याकांड में बड़ा खुलासा: अहम सुबूत डायरी जांच के दौरान हुई गायब

आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र के फाउंड्री नगर इलाके में पांच साल पहले हुए तिहरे हत्याकांड के अहम सुबूत के रूप में जमा कराई गई डायरी अदालत तक नहीं पहुंच सकी। जांच के दौरान यह डायरी रहस्यमय तरीके से गायब हो गई। इस डायरी में लेनदेन के विवाद से जुड़े साक्ष्य दर्ज थे, जिससे हत्याकांड की अहम कड़ियां जुड़ी थीं। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

31 अगस्त 2020 की रात नगला किशनलाल इलाके में रामवीर (55), उनकी पत्नी मीरा (50) और बेटे बबलू की निर्मम हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद शवों को जलाने का प्रयास भी किया गया था। रामवीर परचून की दुकान चलाते थे।

हत्या की जांच के दौरान पुलिस को रामवीर की दुकान में एक लाल रंग की डायरी मिली थी। इसमें सुभाष नामक व्यक्ति के आगे तीन लाख रुपये दर्ज थे और एक पन्ने पर लिखा था, "मांगे मगर नहीं दिए।" इसी डायरी के सुराग से पुलिस सुभाष तक पहुंची थी। पुलिस ने खुलासा किया था कि तीन लाख रुपये की उधारी न चुकानी पड़े, इसलिए वारदात को अंजाम दिया गया था।

पुलिस को गुमराह करने के लिए हत्यारों ने घर में लूटपाट का नाटक भी किया था। जांच में पुलिस ने सुभाष, उसके भाई गजेंद्र और दोस्त वकील को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मुठभेड़ में सुभाष और वकील के पैरों में गोली भी लगी थी।

इस केस में रामवीर की मां किरन देवी ने कोर्ट में गवाही के दौरान एक प्रार्थनापत्र दिया, जिसमें उन्होंने पुलिस द्वारा जब्त की गई डायरी को अदालत में पेश करने की मांग की। यह डायरी विधि विज्ञान प्रयोगशाला (फॉरेंसिक लैब) भेजी गई थी, ताकि हस्तलेख का मिलान किया जा सके। यह रिपोर्ट केस के लिए वैज्ञानिक साक्ष्य मानी जा रही थी। लेकिन अब यह डायरी और रिपोर्ट दोनों ही गायब हो चुके हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डायरी के गायब होने के मामले की जांच चल रही है। थाने से यह फाइल सीओ छत्ता की पेशी के लिए भेजी गई थी, लेकिन अब इसका कोई रिकॉर्ड नहीं मिल रहा है। पुलिस इस महत्वपूर्ण साक्ष्य के लापता होने के पीछे की वजहों की पड़ताल कर रही है।