छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला, तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाओं के कारण रात में हल्की ठंड महसूस हो रही है,

छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला, तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाओं के कारण रात में हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि सुबह के समय भी ठंडी हवाओं का असर बना हुआ है। वहीं, दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास हो रहा है।

रविवार को राजधानी रायपुर समेत पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। शनिवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।

तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तरी छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन अगले तीन दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट आ सकती है। वहीं, मध्य छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों में तापमान एक से दो डिग्री तक बढ़ सकता है, इसके बाद इसमें एक से तीन डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक तापमान स्थिर बना रहेगा।

पश्चिमी विक्षोभ का असर
प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। अगले कुछ दिनों में कुछ इलाकों में दिन और रात के तापमान में गिरावट संभव है, लेकिन इसके बाद फिर से तापमान बढ़ने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मार्च की शुरुआत में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में बादल छाने की संभावना है।

इस बदलाव के चलते आउटर इलाकों में रात के समय ठंडक महसूस की जा रही है, जबकि दिन में तेज धूप और गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम में आ रहे इस उतार-चढ़ाव से लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।