प्रयागराज में स्कूल संचालक की निर्मम हत्या, पहचान छुपाने को चेहरा जलाया
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कोरांव थाना क्षेत्र के पटेहरी गांव में एक स्कूल संचालक अरुण कुमार सिंह पटेल (26) की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कोरांव थाना क्षेत्र के पटेहरी गांव में एक स्कूल संचालक अरुण कुमार सिंह पटेल (26) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पहचान मिटाने के लिए हत्यारों ने उनका चेहरा तेजाब से जला दिया। मंगलवार सुबह उनका शव घर से करीब दो किलोमीटर दूर खेत में बरामद हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अरुण के परिजनों ने गांव की एक युवती, उसके भाई और पिता पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि मृतक के पिता लालचंद्र की शिकायत पर सुशील तिवारी, उनकी पुत्री अर्चना और बेटे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
दो दिन से लापता था स्कूल संचालक
अरुण शनिवार शाम घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने जब उनकी तलाश शुरू की तो उनका मोबाइल बंद मिला। सगे-संबंधियों से भी पूछताछ के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिली। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मंगलवार सुबह पास के खेत में उनका शव मिला। हत्यारों ने मोबाइल फोन भी खेत में गाड़ दिया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अरुण के शरीर पर चोट के कई निशान थे और उन्हें पीट-पीटकर मारा गया था।
लंबे समय से जान-पहचान, घटना वाली रात हुई थी मुलाकात
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक की गांव की एक युवती से लंबे समय से जान-पहचान थी। मृतक के दोस्तों के मुताबिक, घटना वाली रात अरुण की उससे मुलाकात भी हुई थी। पूछताछ में युवती ने इस बात को कबूल किया कि अरुण उससे मिलने आया था, लेकिन उसके बाद क्या हुआ, इसकी जानकारी होने से उसने इनकार किया है।
परिजनों का विरोध और प्रशासन का आश्वासन
हत्या के बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद परिजन माने और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस अब विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।