मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्व. दिलीप सिंह जूदेव को जयंती पर किया नमन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की जयंती पर उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विधायक रायमुनी भगत भी उपस्थित रहीं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की जयंती पर उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विधायक रायमुनी भगत भी उपस्थित रहीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्व. दिलीप सिंह जूदेव केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता और सांस्कृतिक पहचान के सशक्त रक्षक थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन धर्म, संस्कृति और समाज सेवा को समर्पित किया। उनके नेतृत्व में प्रारंभ हुआ 'घर वापसी' अभियान एक ऐतिहासिक सामाजिक आंदोलन बना, जिसने हजारों लोगों को उनकी मूल सनातन परंपरा से जोड़ने का कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री जूदेव जी जल, जंगल, जमीन और जनजातीय अस्मिता के सजग प्रहरी थे। उन्होंने छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्रों में आदिवासी समाज को उनका गौरव और पहचान लौटाने के लिए सतत संघर्ष किया। उनके प्रयासों से समाज में राष्ट्रवादी चेतना का व्यापक प्रसार हुआ और छत्तीसगढ़ का जनजातीय समाज अपनी सांस्कृतिक जड़ों से और अधिक जुड़ सका।
मुख्यमंत्री साय ने आगे कहा कि स्व. दिलीप सिंह जूदेव केवल एक नेता नहीं, बल्कि एक विचारधारा के प्रतीक थे। उन्होंने राष्ट्रवादी मूल्यों को आत्मसात कर समाजहित में उल्लेखनीय कार्य किए। उनकी दृढ़ता, निडरता और ओजस्वी नेतृत्व आज भी हम सभी को प्रेरित करता है। उनका जीवन हम सभी के लिए एक आदर्श और प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।