छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी गर्मी, तापमान में लगातार हो रही वृद्धि
छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है। प्रदेश में अब तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे दिन में तेज धूप और गर्मी महसूस की जा रही है।
छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है। प्रदेश में अब तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे दिन में तेज धूप और गर्मी महसूस की जा रही है। बीते कुछ दिनों तक सुबह और रात के समय हल्की ठंडक बनी हुई थी, लेकिन अब तापमान बढ़ने से यह ठंडक भी धीरे-धीरे समाप्त हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, अब प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी। उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। वहीं, दक्षिणी हिस्सों में भी तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। इससे आने वाले दिनों में भीषण गर्मी पड़ने के आसार हैं।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 9 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिससे उत्तरी हवाओं का प्रभाव कमजोर होगा और तापमान में और वृद्धि होगी। आगामी पांच दिनों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
शनिवार को प्रदेश में सबसे गर्म स्थान राजनांदगांव रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे ठंडा स्थान अंबिकापुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में आज मौसम शुष्क और साफ रहेगा, जहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।