मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करने में आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका : उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने चितौरा में 1.84 करोड़ रुपये की लागत से बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया और गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच और टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गर्भवती महिलाओं की समय पर कराएं जांच
नरयावली के चितौरा में एक करोड़ 84 लाख रुपये की लागत के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया लोकार्पण
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि गर्भावस्था के प्रथम माह से ही पंजीयन एवं स्वास्थ्य परीक्षण प्रारंभ कराए जाएं। शिशु मृत्यु दर को रोकने के लिये भी सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार निरंतर स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार कर रही है। आशा कार्यकर्ताओं एवं एएनएम को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह की 9 और 25 तारीख को गर्भवती महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर उनका परीक्षण सुनिश्चित कराएं। साथ ही चितौरा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को आदर्श स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद श्रीमती लता वानखेड़े एवं विधायक श्री प्रदीप लारिया सहित स्थानीय जन प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।