छत्तीसगढ़ की जेलों में कैदियों ने प्रयागराज के गंगाजल से किया सामूहिक स्नान, आत्मशुद्धि का लिया संकल्प

छत्तीसगढ़ की सभी 33 जेलों में मंगलवार को एक ऐतिहासिक और अद्भुत दृश्य देखने को मिला जब कैदियों ने प्रयागराज महाकुंभ से लाए गए त्रिवेणी संगम के पवित्र गंगाजल से स्नान किया।

छत्तीसगढ़ की जेलों में कैदियों ने प्रयागराज के गंगाजल से किया सामूहिक स्नान, आत्मशुद्धि का लिया संकल्प

छत्तीसगढ़ की सभी 33 जेलों में मंगलवार को एक ऐतिहासिक और अद्भुत दृश्य देखने को मिला जब कैदियों ने प्रयागराज महाकुंभ से लाए गए त्रिवेणी संगम के पवित्र गंगाजल से स्नान किया। इस पहल का उद्देश्य बंदियों को आध्यात्मिक शुद्धि का अनुभव कराना, मानसिक शांति प्रदान करना और उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाने के लिए प्रेरित करना था।

राज्य की पांच केंद्रीय जेलों, 20 जिला जेलों और आठ उप जेलों में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत हजारों कैदियों ने आस्था और आत्मविश्लेषण के साथ स्नान किया। जिला जेल धमतरी में सुबह 8 बजे शुरू हुए सामूहिक स्नान में 239 बंदियों ने भाग लिया। स्नान से पहले गंगाजल की विधि-विधान से पूजा की गई और पानी टंकी को फूलों से सजाकर उसमें गंगाजल मिलाया गया। सहायक जेल अधीक्षक एन.के. डहरिया ने बताया कि इस आयोजन का मकसद बंदियों को आत्मिक शांति देना और उनमें सकारात्मक सोच विकसित करना है।

राज्य भर की जेलों में उमड़ा आस्था का सैलाब

कोरबा और कटघोरा जिला जेलों में भी बंदियों ने गंगाजल स्नान का अद्भुत अनुभव लिया। कोरबा जेल में 100 से अधिक कैदियों ने स्नान किया और गंगा आरती में भाग लिया। कटघोरा उप जेल में भी इसी प्रकार का आयोजन हुआ, जहां कैदियों ने अपने भीतर के बदलाव का अनुभव साझा किया।

जशपुर जिला जेल में आयोजित कार्यक्रम में कुल 418 बंदियों, जिनमें 399 पुरुष और 19 महिलाएं शामिल थीं, ने इस पवित्र स्नान में भाग लिया। सुबह 9 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई और बंदियों ने अपने पुराने कर्मों पर पश्चाताप करते हुए भविष्य में सुधार का संकल्प लिया। जेल वार्डर गजेंद्र निषाद ने प्रयागराज से विशेष रूप से लाए गए जल को स्नान कुंड में डाला, जहां विधिवत पूजा के बाद स्नान कराया गया।

महासमुंद जेल में सबसे अधिक 505 बंदियों ने लिया भाग

महासमुंद जिला जेल में सबसे बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जहां 505 बंदियों ने गंगाजल स्नान किया। सहायक जेल अधीक्षक मुकेश कुशवाहा की देखरेख में हुए इस आयोजन में मां गंगा की पूजा-अर्चना और आरती के बाद कैदियों ने सामूहिक स्नान किया। स्नान के बाद बंदियों के चेहरे पर आत्मसंतोष और खुशी साफ झलक रही थी।

सरकार और जेल प्रशासन की सराहनीय पहल

छत्तीसगढ़ के गृह एवं जेल मंत्री विजय शर्मा की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रयागराज महाकुंभ से लाया गया गंगाजल राज्य की सभी जेलों में भेजा गया। मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि इस तरह के आयोजन कैदियों को आत्ममंथन का अवसर देते हैं और उन्हें जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा मिलती है।

महानिदेशक (जेल) हिमांशु गुप्ता ने आयोजन के लिए विशेष व्यवस्थाएं कीं, जिससे सभी जेलों में कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। भाजपा नेता गोपाल कश्यप ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजन कैदियों के मानसिक स्वास्थ्य को सुधारने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस आयोजन के जरिए कई बंदियों ने इसे अपने जीवन में बदलाव लाने का सुनहरा अवसर बताया और राज्य सरकार, जेल प्रशासन का आभार प्रकट किया। बंदियों का मानना है कि यह स्नान उनके लिए केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और नए जीवन की शुरुआत है।