महाकुम्भ हादसा: न्यायिक आयोग की टीम संगम घाट का करेगी दौरा
महाकुम्भ दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित न्यायिक आयोग की टीम आज संगम घाट प्रयागराज का दौरा करेगी। महाकुम्भ में मौनी अमावस्या के मौके पर स्नान के लिए उमड़ी भीड़ में भगदड़ की स्थिति बन गई, जिसमें 30 लोगों की मौत हो गई और 60 अन्य घायल हो गए थे।
महाकुम्भ दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित न्यायिक आयोग की टीम आज संगम घाट प्रयागराज का दौरा करेगी। आयोग दुर्घटना के कारण और परिस्थितियों की जांच करेगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सिफारिशों के साथ एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट देगा।
तीन सदस्यीय आयोग का नेतृत्व सेवानिवृत्त इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश हर्ष कुमार कर रहे हैं। आयोग के तीनों सदस्यों ने गुरुवार को लखनऊ के जनपथ स्थित अपने कार्यालय पहुंच कर काम शुरू कर दिया था। आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) हर्ष कुमार ने बताया कि जांच को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाना है इसलिए घोषणा के कुछ ही घंटों के भीतर टीम ने कार्यभार संभाल लिया।
दरअसल, प्रयागराज महाकुम्भ में मौनी अमावस्या के मौके पर स्नान के लिए उमड़ी भीड़ में भगदड़ की स्थिति बन गई, जिसमें 30 लोगों की मौत हो गई थी और 60 अन्य घायल हो गए थे।