मध्यप्रदेश का रिपोर्ट कार्ड और मोदी जी की पाती जनता को बताएं
ये चुनाव सिर्फ विधायक चुनने का चुनाव नहीं है। ये 2024 में होने वाले लोकतंत्र के महायज्ञ के फाइनल से पहले सेमीफाइनल है।
केंद्रीय मंत्री एवं चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक श्री नरेंद्र सिंह तोमर एवं प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने दतिया के सेवढ़ा में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को किया संबोधित
भारत को विश्वगुरु बनाने के चुनाव में जुट जाएं कार्यकर्ता
सभी बूथों को जीतने का संकल्प लेकर जनता के बीच जाएं कार्यकर्ता
भाजपा का कार्यकर्ता व कमल का फूल ही भाजपा प्रत्याशी
भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके देवदुर्लभ कार्यकर्ता
मध्यप्रदेश का रिपोर्ट कार्ड और मोदी जी की पाती जनता को बताएं
श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, श्री विष्णुदत्त शर्मा

दतिया। ये चुनाव सिर्फ विधायक चुनने का चुनाव नहीं है। ये 2024 में होने वाले लोकतंत्र के महायज्ञ के फाइनल से पहले सेमीफाइनल है। हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी देश का वर्तमान बनाने और भविष्य संवारने का काम कर रहे हैं। जनकल्याण और गरीब कल्याण के काम कर रहे हैं। लेकिन पार्टी की स्थापना सड़क, नाली जैसी सुविधाओं के लिए नहीं की गई। हमारी पार्टी की स्थापना भारतमाता को परमवैभव के शिखर पर पहुंचाने के लिए हुई है। हमें 2024 में श्री नरेंद्र मोदी जी को फिर से प्रधानमंत्री बनाकर पं. दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, अटलबिहारी वाजपेयी जी, कुशाभाऊ ठाकरे जी और राजामाता सिंधिया जी के सपनों को पूरा करना है। भारत को विश्वगुरु बनाना है। यह बात केंद्रीय मंत्री एवं चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक श्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने दतिया के सेवढ़ा में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।
बिना स्वार्थ के काम करते हैं भाजपा के देवदुर्लभ कार्यकर्ता - नरेन्द्र सिंह तोमर
केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता देवदुर्लभ हैं। कोई भी व्यक्ति कहीं पर भी काम करे, तो उसका कोई न कोई स्वार्थ होता है। लेकिन भाजपा के कार्यकर्ता बिना स्वार्थ के पार्टी के लिए काम करते हैं, अपना खून-पसीना बहाते हैं। श्री तोमर ने कहा कि किसी पार्टी का कद मंच पर बैठने वाले कार्यकर्ताओं से तय नहीं होता, बल्कि जमीन पर बैठकर सुनने वाले कार्यकर्ताओं से होता है। इन्हीं कार्यकर्ताओं के कारण पार्टी का महत्व होता है और उसे ताकत मिलती है।
ये दीवाली ’सबकी दीपावली’ के तौर पर मनाएं
श्री तोमर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 17 तारीख को मतदान है और अभी हमारे पास काम के लिए पांच दिन शेष हैं। इन पांच दिनों में कार्यकर्ता बूथ की समीक्षा करें, अगर कोई कमजोरी नजर में आती है, तो उसे दूर किया जा सकता है। पर्चियों का वितरण और मतदान की सारी तैयारी कर सकते हैं। श्री तोमर ने कहा कि इसी बीच दीपावली है और हम सभी को त्योहार मनाना है। लेकिन इस त्योहार के माध्यम से भी हम लोगों से जुड़ सकते हैं। हमारी पार्टी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर चलती है। इसलिए हम दीपावली पर अपने मोहल्ले-पड़ोस के हर घर में एक दीपक रखने की परंपरा को पुनर्जीवित कर सकते हैं। इसके साथ ही हम बूथ स्तर पर लाडली बहनाओं तथा अन्य योजनाओं के हितग्राहियों के साथ मिलकर ’सबकी दीपावली’ भी मना सकते हैं। श्री तोमर ने कहा कि दीपावली पर एक दीपक के माध्यम से हम दलित, पिछड़े और उपेक्षित लोगों तक अपनी शुभकामनाएं पहुंचाकर उनसे जुड़ सकते हैं।
भाजपा की ताकत उसके कार्यकर्ता - विष्णुदत्त शर्मा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने जब 10 लाख बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था, तब उन्होंने कहा था कि कमल का फूल ही हमारा प्रत्याशी होता है और भाजपा की सबसे बड़ी ताकत कार्यकर्ता होता है। इसी मूल मंत्र को आधार बनाकर हम कार्य कर रहे हैं। माइक्रो प्लानिंग मैनेजमेंट करके हर बूथ को जीतने के लिए कार्यकर्ता जुट जाएं। भाजपा की डबल इंजन सरकार में किए गए विकास और गरीब कल्याण के कामों को जनता को बताएं और समझाएं कि सिर्फ भाजपा ही विकास कर सकती है। चुनाव में 6 दिन बचे हैं। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता घर-घर घूमे और जनता को मध्यप्रदेश सरकार द्वारा 18 वर्ष में किए गए कार्यों को लेकर जारी रिपोर्ट कार्ड और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा लिखी गई पाती भी बताएं। श्री शर्मा ने कहा कि सेवढ़ा से भाजपा प्रत्याशी श्री प्रदीप अग्रवाल तो चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं, लेकिन मैं सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान करता हूं कि वे सभी प्रदीप अग्रवाल बनकर घर-घर संपर्क करें। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने और मध्यप्रदेश को स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनाने भाजपा को जिताएं।