PM मोदी पहुंचे हादसे के स्थल, किया राहत कार्यों का निरीक्षण

प्रधानमंत्री मोदी ने अहमदाबाद विमान हादसे के घायलों से मुलाकात की, घटनास्थल का दौरा किया और राहत कार्यों की समीक्षा बैठक की।

PM मोदी पहुंचे हादसे के स्थल, किया राहत कार्यों का निरीक्षण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह गुजरात के अहमदाबाद सिविल अस्पताल पहुंचे, जहाँ उन्होंने एयर इंडिया विमान हादसे में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। इस दर्दनाक घटना के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दुर्घटना पूरे देश को स्तब्ध करने वाली है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की और इस त्रासदी को अत्यंत हृदय विदारक बताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने अस्पताल में दुर्घटना से जीवित बचे एकमात्र यात्री, भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक विश्वास कुमार रमेश से भेंट की। विश्वास ने विमान हादसे से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। इसके बाद प्रधानमंत्री ने खुद दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां चल रहे बचाव कार्यों की जानकारी अधिकारियों और राहतकर्मियों से ली।

अहमदाबाद में ही प्रधानमंत्री ने एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें दुर्घटना के कारणों और राहत कार्यों की विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।

सूत्रों के अनुसार, अब तक छह मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कर उनके परिजनों को सौंपा जा चुका है। यह विमान एयर इंडिया का बोइंग 787-8 था, जो चालक दल सहित कुल 242 लोगों को लेकर लंदन जा रहा था। अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही क्षण बाद यह विमान बी. जे. मेडिकल कॉलेज के पास एक आवासीय इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे भारी जनहानि हुई।