सेवापुरी में पीएम मोदी की रैली की तैयारी तेज, सीएम योगी ने संभाली कमान

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सेवापुरी में पीएम मोदी की 2 अगस्त को प्रस्तावित जनसभा स्थल का निरीक्षण किया। सुरक्षा, पेयजल, पार्किंग और यातायात व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

सेवापुरी में पीएम मोदी की रैली की तैयारी तेज, सीएम योगी ने संभाली कमान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 2 अगस्त को प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी दौरे के दूसरे दिन सेवापुरी के बनौली ग्राम में जनसभा स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, यातायात डायवर्जन, पेयजल, शौचालय जैसी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश की स्थिति को ध्यान में रखते हुए जनसभा स्थल और पार्किंग क्षेत्रों में चेकर्ड प्लेट्स बिछाई जाएं ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही प्रधानमंत्री के संभावित आगमन मार्ग और यातायात नियंत्रण को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री मोदी इस दौरे के दौरान लगभग 2248 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इनमें पर्यटन विभाग द्वारा प्रस्तावित एक पर्यटन सुविधा केंद्र का भी शिलान्यास शामिल है।

इससे पहले, मुख्यमंत्री योगी ने वाराणसी स्थित श्री धर्मसंघ शिक्षा मंडल में पूजा-अर्चना की और वहां निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। साथ ही गोशाला में गोमाताओं को गुड़ खिलाकर आशीर्वाद लिया।

वाराणसी के कमिश्नर एस. राजलिंगम ने भी बताया कि जनसभा स्थल पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं और तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पीएम मोदी का यह दौरा काशी के लिए विकास की नई सौगात लेकर आएगा।