नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़: 20 की मौत, 30 घायल, आरपीएफ कर रही जांच
15 फरवरी की रात नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक भगदड़ मच गई, जिसमें 20 यात्रियों की मौत हो गई और करीब 30 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
15 फरवरी की रात नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक भगदड़ मच गई, जिसमें 20 यात्रियों की मौत हो गई और करीब 30 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना तब हुई जब प्रयागराज जाने वाले यात्रियों की भीड़ अचानक बढ़ गई और स्टेशन पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
आरपीएफ ने शुरू की जांच
आरपीएफ (RPF) ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है और अब तक 400 से अधिक बयान दर्ज किए गए हैं। रेलवे के विभिन्न विभागों के करीब 300 कर्मचारी उस समय स्टेशन पर मौजूद थे, जिनमें 80 से अधिक आरपीएफ जवान भी शामिल थे। जांच कमेटी इन बयानों को क्रॉस-चेक कर घटना की असली वजह का पता लगाएगी।
कैसे हुई भगदड़?
आरपीएफ के मुताबिक, शिवगंगा एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म 12 से रवाना होने के बाद प्रयागराज जाने वाले यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ गई, जिससे फुट ओवर ब्रिज 2 और 3 पर भारी भीड़ जमा हो गई। इससे प्लेटफॉर्म 12-13, 14-15 और 16 पर यात्रियों की आवाजाही बाधित हो गई। हालात बिगड़ते देख स्टेशन डायरेक्टर को प्लेटफॉर्म टिकट बिक्री पर रोक लगानी पड़ी।
अनाउंसमेंट बदलने से मची अफरा-तफरी
रात 8:45 बजे अनाउंसमेंट हुई कि कुंभ स्पेशल ट्रेन प्लेटफॉर्म 12 से जाएगी, लेकिन कुछ समय बाद इसे बदलकर प्लेटफॉर्म 16 कर दिया गया। इस बदलाव से यात्री भ्रमित हो गए और भगदड़ मच गई। प्लेटफॉर्म 14 पर मगध एक्सप्रेस और 15 पर उत्तर संपर्क क्रांति पहले से खड़ी थीं, जिससे यात्रियों को आगे-पीछे होने में दिक्कत हुई।
यात्री जब फुट ओवर ब्रिज 2 और 3 पर चढ़ने लगे, तो नीचे उतरने वालों के साथ धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस अफरातफरी में कई यात्री गिरकर घायल हो गए। घायलों को RML, LNJP और लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 20 यात्रियों की मौत हो गई।
आरपीएफ इस घटना की गहन जांच कर रही है और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।