सुपर-100 योजना की प्रवेश परीक्षा 3 अगस्त को, 10,727 विद्यार्थी होंगे शामिल

मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा सुपर-100 योजना की परीक्षा 3 अगस्त को आयोजित होगी। इसमें 10,727 विद्यार्थी शामिल होंगे और परीक्षा दो पालियों में होगी।

सुपर-100 योजना की प्रवेश परीक्षा 3 अगस्त को, 10,727 विद्यार्थी होंगे शामिल

मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित सुपर-100 योजना के तहत इस वर्ष की प्रवेश परीक्षा 3 अगस्त को आयोजित की जाएगी। परीक्षा जिला स्तर पर निर्धारित 57 परीक्षा केन्द्रों पर होगी।

रविवार को परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम पाली सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी, जिसमें कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों के लिए जेईई (JEE) की तैयारी हेतु परीक्षा ली जाएगी। वहीं द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी, जो नीट (NEET) की तैयारी के लिए होगी।

इस परीक्षा में 10,727 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय, भोपाल और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मल्हार आश्रम, इंदौर में प्रवेश दिया जाएगा।

सुपर-100 परीक्षा में भाग लेने वाले सभी परीक्षार्थियों के प्रवेश-पत्र राज्य मुक्त शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर अपना प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

यह योजना राज्य के मेधावी विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग और मेडिकल परीक्षाओं की नि:शुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।