रीवा में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल को मिली नई MRI मशीन, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने किया लोकार्पण
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में अत्याधुनिक MRI मशीन का लोकार्पण किया, जिससे मरीजों को बेहतर जांच सुविधा मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा स्थित सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में 13 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित नई अत्याधुनिक MRI मशीन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस उच्च तकनीक वाली मशीन से मरीजों की जांच अधिक सटीक और उन्नत तरीके से हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि यह अस्पताल विंध्य क्षेत्र के मरीजों के लिए विशेष सौगात है, जहां आधुनिक मशीनों के माध्यम से जांच की जा रही है और कुशल डॉक्टरों द्वारा गंभीर बीमारियों का इलाज किया जा रहा है।
श्री शुक्ल ने जानकारी दी कि आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों को एमआरआई की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध होगी, जबकि अन्य मरीजों से शुल्क शासन द्वारा निर्धारित दरों पर लिया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल के विस्तार भवन और निर्माणाधीन कैथ लैब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यह लैब शीघ्र ही प्रारंभ हो जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कैंसर यूनिट के निर्माण कार्य की समीक्षा कर उसे तेज़ करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर डीन मेडिकल कॉलेज डॉ. सुनील अग्रवाल, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अक्षय श्रीवास्तव सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।