चरखी-दादरी के रणकौली पेट्रोल पंप के समीप शनिवार शाम एक तेज रफ्तार वाहन ने खेत से घर लौट रहे किसान को टक्कर मार दी। हादस में रणकौली निवासी कर्मबीर 60 की मौत हो गई और बौंदकलां थाना पुलिस ने रविवार दोपहर दादरी सिविल अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस को दिए बयान में रणकौली निवासी सुरेंद्र ने बताया कि उका पिता कर्मबीर शनिवार सुबह करीब 7 बजे घर से खेत में गया था।
वहां जाकर शाम तक उसके पिता ने काम किया और शाम करीब 6 बजे घर वापस आने के लिए खेत से चले थे। सुरेंद्र ने बताया कि खेत और घर की दूरी करीब डेढ़ किलोमीटर है और उसका पिता जब पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया।
वहीं, राहगीरों के सूचित करने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और लहूलुहान कर्मबीर को लेकर बौंदकलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बौंदकलां थाना पुलिस टीम सीएचसी पहुंची और शव को कब्जे में ले लेकर दादरी सिविल अस्पताल पहुंचाया। रविवार को मृतक के बेटे के बयान पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतक की हैं चार संतानें
मृतक कर्मबीर खेती करता था। उनके चार संतानें हैं जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा है। मृतक के चारों बच्चे शादीशुदा हैं। वहीं, इस हादसे से गांव में भी गमगीन माहौल है।
अधिकारी के अनुसार
मृतक कर्मबीर के बेटे सुरेंद्र के बयान पर बौंदकलां थाना पुलिस ने अज्ञात चालक पर केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी चालक का सुराग लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। -पवन कुमार, प्रवक्ता, चरखी दादरी पुलिस।
बहन की ससुराल से दो किलोमीटर दूर युवक ने ट्रेन के नीचे आकर की आत्महत्या