Kaithal: अब गई सीवन ब्लॉक समिति के अध्यक्ष की कुर्सी, बैठक में पंचायत समिति के 16 में से 13 सदस्य हुए शामिल
विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल होने वाली मनजीत कौर को पद से हटाया गया है। पंचायत समिति के उपाध्यक्ष लाभ सिंह कसौर को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।
कैथल में जिला परिषद अध्यक्ष के बाद अब सीवन ब्लॉक समिति अध्यक्ष की कुर्सी भी गिरा दी गई है। मंगलवार को खंड एवं पंचायत विकास अधिकारी कार्यालय (बीडीपीओ) में हुई बैठक के दौरान पंचायत समिति के 16 में 13 सदस्य शामिल हुए थे। सदन की बैठक में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल होने वाली अध्यक्ष मनजीत कौर को हटा दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस में शामिल होने वाले जिला परिषद के अध्यक्ष दीप मलिक जाखौली को भी गत माह अविश्वास प्रस्ताव लाकर हटा दिया गया था। सदन की बैठक के दौरान बीडीपीओ कार्यालय में भीड़ लगी रही। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस की टीमें भी मौजूद रहीं।
सदन की बैठक एडीसी दीपक बाबूलाल कारवा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पंचायत समिति के 16 सदस्यों में से 13 सदस्य मौके पर पहुंचे और अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया में भाग लिया। इनमें से 12 सदस्यों ने मौजूदा अध्यक्ष मनजीत कौर के खिलाफ मतदान किया। इस वोटिंग के आधार पर अविश्वास प्रस्ताव को पारित कर दिया गया और मनजीत कौर को अध्यक्ष पद से हटा दिया गया।
अब पंचायत समिति के उपाध्यक्ष लाभ सिंह कसौर को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जा सकता है। खंड कार्यालय के बाहर अध्यक्ष के समर्थक और विरोधी दल के समर्थक मौजूद थे। इस दौरान दोनों पक्षों के समर्थकों ने जमकर हंगामा किया मगर मौके पर तैनात पुलिस बल ने दोनों पक्षाें के समर्थकों को शांत करवा दिया। अध्यक्ष से नाराज चल रहे 11 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए एडीसी कैथल को 12 अगस्त को शपथ पत्र सौंप दिए थे। प्रशासन की ओर से 29 अगस्त को ही इस बारे में बैठक बुलाई गई थी मगर आदर्श अचार संहिता लगने के कारण यह बैठक टल गई थी।
उधर उपाध्यक्ष लाभ सिंह कसौर ने कहा कि पिछले दो वर्ष से कोई भी विकास कार्य नहीं हो पा रहा था। जो भी सदस्य काम के लिए बात करते थे, उन्हें टाल दिया जाता था। कार्यालय के सभी काम अध्यक्ष मनजीत कौर के पति बलजिंद्र सिंह कर रहे थे। कार्यालय में उनकी कुर्सी पर भी वही बैठते थे। उनका रवैये बाकी सदस्यों के प्रति सही नहीं था। इस कारण से सभी सदस्य उनकी कार्यप्रणाली से परेशान थे और उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर उन्हें कुर्सी से उतारने का काम किया है।
पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने कहा कि पंचायत समिति सीवन के जो सदस्य हैं, उन्हें अध्यक्ष की कार्यप्रणाली पसंद नहीं आई तो उन्होंने एकमत होकर अविश्वास प्रस्ताव पास किया है और अध्यक्ष के विरोध में वोट किया है। आगे जल्द ही सभी सदस्यों के साथ बैठक कर नए अध्यक्ष के बारे में विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली, प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व जिला अध्यक्ष मनीष कठवाड़ के साथ सलाह कर जल्द ही नए अध्यक्ष को बनाने की कार्यवाही आरंभ की जाएगी।
पूर्व अध्यक्ष मनजीत कौर को उनके पति बलजिंद्र सिंह अपनी दल बदलने की नीति के कारण इस पद से हाथ धोना पड़ा है। पहले बलजिंद्र सिंह भाजपा से जुड़े हुए थे। उसके बाद वह विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी के साथ दिखाई दिए। हलका गुहला के पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने इस अविश्वास प्रस्ताव में अहम भूमिका निभाते हुए नजर आए। पहले जिला परिषद अध्यक्ष के चुनाव में भी भाजपा ने अपना अध्यक्ष बनाया और अब पंचायत समिति सीवन के अध्यक्ष चुनाव में भी कुलवंत बाजीगर अपनी पावर का इस्तेमाल करते हुए दावा कर रहे हैं कि सीवन में भी भाजपा का अध्यक्ष बनेगा। इसके बाद आगे चीका में भी बदलाव के आसार नजर आ रहे हैं।
इन्होंने दिए थे शपथ पत्र
पंचायत समिति की अध्यक्ष मनजीत कौर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए 11 सदस्यों ने शपथ पत्र दिए थे, जिनमें वाइस चेयरमैन लाभ सिंह कसौर भी शामिल हैं। अन्य सदस्यों में वार्ड नंबर एक से गुरविंद्र सिंह, वार्ड नंबर दो से भारती रानी, वार्ड नंबर चार से सिंद्र कौर, वार्ड नंबर छह से राॅकी, वार्ड नंबर आठ से बलविंद्र कौर, वार्ड नंबर नौ से सौरव कुमार, वार्ड नंबर 10 से सोनू देवी, वार्ड नंबर 11 से सुरेंद्र सिंह, वार्ड नंबर 12 से कर्मजीत कौर व वार्ड नंबर 13 से जोरा सिंह भी शामिल थे।