केन्द्रीय कैबिनेट ने इटारसी-नागपुर चौथी रेल लाइन परियोजना को दी मंजूरी
नई लॉजिस्टिक्स परियोजना से ₹1206 करोड़ की लागत की बचत संभावित है, जिससे औद्योगिक क्षेत्रों की दक्षता बढ़ेगी और आर्थिक विकास को बल मिलेगा।
महाकालेश्वर-ओंकारेशवर से श्रीशैलम (आंध्रप्रदेश) और रामेश्वर (तमिलनाडु) तक
ज्योतिर्लिंग यात्रा होगी सहज
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री श्री मोदी का माना आभार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का इटारसी-नागपुर चौथी रेल लाइन को मंजूरी देने के लिए आभार माना है। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में दी गई इस मंजूरी से मध्यप्रदेश को विशेष लाभ होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इटारसी-नागपुर चौथी रेल लाइन को मंजूरी मिलने से प्रदेश के नर्मदापुरम, बैतूल, पांढुर्णा सहित नागपुर (महाराष्ट्र) को भी इससे सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इटारसी-नागपुर चौथी रेल लाइन परियोजना को मंजूरी मिलने से प्रदेश के महाकालेश्वर-ओंकारेशवर से श्रीशैलम (आंध्रप्रदेश) और रामेश्वरम (तमिलनाडु) तक ज्योतिर्लिंग यात्रा और सहज एवं आसान होगी।
परियोजना के क्रियान्वयन से हर साल 5.3 करोड़ लीटर डीजल की बचत के साथ ही 10 मिलियन टन अतिरिक्त माल ढुलाई क्षमता विकसित होगी। साथ ही एक हजार 206 करोड़ रुपए की लॉजिस्टिक्स लागत में भी बचत संभावित होगी।