उत्तरकाशी आपदा राहत: सेना और वायुसेना का संयुक्त अभियान जारी

उत्तरकाशी आपदा के बाद सेना और वायुसेना का संयुक्त राहत-बचाव अभियान जारी, गंगोत्री में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित निकालकर दी जा रही हैं सभी सुविधाएं।

उत्तरकाशी आपदा राहत: सेना और वायुसेना का संयुक्त अभियान जारी

लखनऊ स्थित सेंट्रल कमांड मुख्यालय में आज लेफ्टिनेंट जनरल नवीन सचदेवा ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी कि उत्तरकाशी जिले में बादल फटने की गंभीर घटना के बाद भारतीय सेना ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया है। सेन्ट्रल कमांड, अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर धराली और हर्षिल क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों को युद्ध स्तर पर अंजाम दे रही है।

इस संयुक्त अभियान में भारतीय वायु सेना भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। राहत कार्यों में कुल 17 हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं, जो प्रभावित क्षेत्रों में लोगों तक पहुंचाने, राहत सामग्री वितरण और हवाई निगरानी जैसे कार्यों में जुटे हैं।

इसके साथ ही रेको रडार टीमें, खोज और बचाव श्वान टीमें भी मलबे में दबे लोगों की तलाश में लगी हैं। गंगोत्री क्षेत्र में फंसे लगभग 180 से 200 पर्यटकों को सेना और आईटीबीपी द्वारा सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जहां उन्हें भोजन, चिकित्सा और आश्रय की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

लेफ्टिनेंट जनरल सचदेवा ने यह भी बताया कि सेना हर स्तर पर स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य कर रही है, ताकि किसी भी नागरिक की जान खतरे में न पड़े। राहत और बचाव कार्यों की गति को और अधिक तेज करने के लिए तकनीकी संसाधनों और अतिरिक्त टीमों की भी व्यवस्था की जा रही है।