एफसीआई गोदाम में गेहूं खराब, कीड़ों और बंदरों ने बढ़ाई चिंता

फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एफसीआई) के कासिमपुर गोदाम में रखा गेहूं खराब हो गया है। यहां रखे गेहूं में कीड़े लग गए हैं, जबकि फटे बोरों से गेहूं बिखर गया है।

एफसीआई गोदाम में गेहूं खराब, कीड़ों और बंदरों ने बढ़ाई चिंता

फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एफसीआई) के कासिमपुर गोदाम में रखा गेहूं खराब हो गया है। यहां रखे गेहूं में कीड़े लग गए हैं, जबकि फटे बोरों से गेहूं बिखर गया है। 15 फरवरी को जब चार विभागों के 12 अधिकारियों की टीम ने गोदाम का निरीक्षण किया तो वहां कीड़े रेंगते मिले। टीम के अनुमान के मुताबिक, 15 हजार मीट्रिक टन गेहूं में से करीब 5 हजार मीट्रिक टन पूरी तरह खराब हो चुका है और इसका वितरण रोक दिया गया है।

घुन लगा गेहूं बांटने की हुई थी शिकायत

अलीगढ़ में 5 से 10 फरवरी के बीच राशन की 135 दुकानों से घुन लगा गेहूं कार्डधारकों को बांटा गया था। शिकायतें मिलने के बाद वितरण पर रोक लगा दी गई। यह गेहूं सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत हरियाणा और पंजाब से आया था। हंगामा मचने के बाद प्रशासन ने राशन डीलरों से यह गेहूं वापस मंगवा लिया।

जांच टीम ने की गेहूं की जांच

डीएम संजीव रंजन ने खाद्य सुरक्षा विभाग, जिला आपूर्ति विभाग, जिला विपणन विभाग और एफसीआई के 12 अधिकारियों की एक टीम बनाकर जांच के आदेश दिए। 15 फरवरी को टीम ने गोदाम का निरीक्षण किया, जहां पांच हॉल में रखी गेहूं की बोरियों में कीड़े मिले। कुछ बोरियां खोलकर देखी गईं तो उनमें बदबू और कीड़े भरे मिले। सोमवार को टीम अपनी जांच रिपोर्ट डीएम को सौंपेगी।

पुराने गेहूं के उपयोग पर रोक

जिला खाद्य विपणन अधिकारी राजीव कुलश्रेष्ठ के अनुसार, एफसीआई गोदाम से यह गेहूं राशन दुकानों को सप्लाई किया गया था, लेकिन यह काफी पुराना था। जबकि नया गेहूं गोदाम में स्टॉक कर लिया गया है। खराब गेहूं के वितरण पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

बंदर फाड़ रहे गेहूं की बोरियां

सूतमिल स्थित एफसीआई गोदाम में रखरखाव की बदहाली उजागर हुई है। यहां 30 हजार मीट्रिक टन की क्षमता वाले गोदाम में 6 हॉल में गेहूं रखा जाता है, लेकिन बंदरों ने बोरियां फाड़कर गेहूं खराब करना शुरू कर दिया है। पूरा परिसर बंदरों के आतंक से परेशान है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी का कहना है कि गेहूं की सुरक्षा की जिम्मेदारी एफसीआई की है, लेकिन रखरखाव में गंभीर लापरवाही सामने आई है।

गोदाम पर फूड इंस्पेक्टरों की तैनाती

जांच टीम ने एफसीआई गोदाम पर दो फूड इंस्पेक्टरों की ड्यूटी लगाई है। रिपोर्ट के मुताबिक, एफसीआई ने गेहूं का रखरखाव सही तरीके से नहीं किया। हरियाणा और पंजाब से गेहूं आने के बाद उसकी गुणवत्ता जांचने की जिम्मेदारी भी एफसीआई की थी, लेकिन लापरवाही के कारण खराब गेहूं राशन दुकानों तक पहुंच गया। अब प्रशासन दोषियों पर कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।