पी.एम. श्री एयर एम्बुलेंस सेवा: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल से अब राहत की उड़ान बनेगी जीवनरक्षक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा शुरू की गई पी.एम. श्री एयर एम्बुलेंस सेवा के तहत सड़क दुर्घटना, आपदा या गंभीर स्थिति में मरीजों को निःशुल्क और सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
आपातकालीन स्थिति में उन्नत स्वास्थ्य सुविधा अब और भी सुलभ
प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा नागरिकों को आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई पी.एम. श्री एयर एम्बुलेंस सेवा का सफल संचालन किया जा रहा है। यह सेवा विशेष रूप से सड़क दुर्घटना, औद्योगिक हादसों और प्राकृतिक आपदाओं जैसी स्थितियों में तत्काल चिकित्सा सहायता पहुंचाने के लिए शुरू की गई है।
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर एयर एम्बुलेंस के माध्यम से ट्रॉमा यूनिट और डॉक्टरों की टीम को सीधे घटना स्थल पर भेजा जा रहा है, जिससे इलाज में देरी न हो और लोगों की जान समय पर बचाई जा सके। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि कलेक्टर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) और पुलिस प्रशासन सतत संपर्क में रहकर आवश्यकता होने पर इस सेवा का तुरंत उपयोग करें।
इस योजना के अंतर्गत यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना, औद्योगिक दुर्घटना या प्राकृतिक आपदा का शिकार होता है, तो उसे राज्य के भीतर या बाहर के शासकीय या निजी अस्पतालों में निःशुल्क एयर एम्बुलेंस सेवा प्रदान की जाती है।
आयुष्मान कार्डधारी नागरिकों को राज्य के भीतर और बाहर आयुष्मान योजना से संबद्ध शासकीय व निजी अस्पतालों में यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क दी जाती है। वहीं, जिन नागरिकों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं है, उनके लिए राज्य में शासकीय अस्पताल तक का परिवहन निःशुल्क, और राज्य के बाहर की यात्रा के लिए अनुबंधित दर पर सशुल्क किया गया है।
सेवा के संचालन के लिए स्वीकृति की प्रक्रिया को भी स्पष्ट किया गया है। जिले के भीतर निःशुल्क परिवहन की स्वीकृति जिला कलेक्टर या सीएमएचओ की अनुशंसा पर दी जाएगी। संभाग के बाहर निःशुल्क सेवा के लिए स्वास्थ्य आयुक्त, मेडिकल कॉलेज से बाहर के लिए संभाग आयुक्त, और राज्य के बाहर जाने के लिए संचालक चिकित्सा शिक्षा स्वीकृति देंगे।
अन्य मामलों में, जहां एयर एम्बुलेंस सेवा सशुल्क होती है, वहां राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यालय स्तर से अनुमति दी जाएगी। इससे यह सुनिश्चित किया गया है कि गंभीर रूप से घायल मरीजों को समय पर और उचित उपचार मिल सके।