अंशिका और गोल्डी मिश्रा ने जीता स्वर्ण, पटना में खत्म हुआ खेलो इंडिया एनटीपीसी जोनल आर्चरी टूर्नामेंट
पटना में आयोजित खेलो इंडिया एनटीपीसी जोनल आर्चरी टूर्नामेंट में मुंगेर की अंशिका ने महिला रिकर्व स्पर्धा और झारखंड के गोल्डी मिश्रा ने पुरुष रिकर्व स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। विजेताओं को नकद पुरस्कार और मेडल से सम्मानित किया गया।
पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित खेलो इंडिया एनटीपीसी जोनल आर्चरी टूर्नामेंट 2025 का समापन रविवार को हुआ। महिला वर्ग की रिकर्व स्पर्धा में मुंगेर की अंशिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि पुरुष वर्ग में झारखंड के गोल्डी मिश्रा विजेता बने।
यह टूर्नामेंट 13 सितंबर से शुरू हुआ था और 14 सितंबर तक चला। पुरुष वर्ग में 200 और महिला वर्ग में 120 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। बिहार से 72 खिलाड़ी इसमें शामिल हुए, जिनमें पुरुष और महिला खिलाड़ियों की संख्या समान रही।
प्रतियोगिता में बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों के खिलाड़ी, प्रशिक्षक, प्रबंधक और तकनीकी पदाधिकारी मौजूद रहे।
पहले दिन महिला वर्ग की रिकर्व स्पर्धा में अंशिका के अलावा पश्चिम बंगाल की रूम विश्वास ने रजत और बसंती महतो ने कांस्य पदक हासिल किया। ओडिशा की प्रज्ञा दलाई चौथे स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग की रिकर्व स्पर्धा में गोल्डी मिश्रा के अलावा झारखंड के कृष्ण पिंगा को रजत और छत्तीसगढ़ के आकाश राज को कांस्य पदक मिला। बिहार के शुभम कुमार चौथे स्थान पर रहे।
विजेताओं को खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंदर, निदेशक महेन्द्र कुमार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक-सह-सीईओ रवीन्द्रण शंकरण, निदेशक रविंद्र नाथ चौधरी, उप-निदेशक हिमांशु साहू, क्रीड़ा कार्यपालक आनंदी कुमार और अंजलि कुमारी, बिहार ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अजय कुमार व बिहार आर्चरी एसोसिएशन के सचिव मनोज कुमार ने मेडल और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
नकद पुरस्कार के तहत स्वर्ण विजेताओं को 20 हजार, रजत विजेताओं को 15 हजार, कांस्य पदक विजेताओं को 10 हजार और चौथे स्थान पर रहे खिलाड़ियों को 5 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई।