गोपाल खेमका हत्याकांड: DGP का सख्त संदेश, सभी अपराधी होंगे गिरफ्तार
DGP विनय कुमार ने गोपाल खेमका हत्याकांड पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि सभी दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। 12 संदिग्ध हिरासत में, SOP के तहत जेल में बंद अपराधियों से भी पूछताछ जारी।
गोपाल खेमका हत्याकांड को लेकर बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि इस सनसनीखेज हत्या में शामिल कोई भी अपराधी कानून की पकड़ से नहीं बच पाएगा। सभी दोषियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
डीजीपी विनय कुमार ने जानकारी दी कि फिलहाल पटना पुलिस ने लगभग 12 संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि सच सामने आ सके और दोषियों को सजा दिलाई जा सके।
जब उनसे जेल से कनेक्शन के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "पुलिस, स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के तहत जेल में बंद कुख्यात अपराधियों से पूछताछ करती है। इसी प्रक्रिया के अंतर्गत गोपाल खेमका हत्याकांड के सिलसिले में भी जेल में बंद अपराधियों से पूछताछ की गई है।"
डीजीपी ने भरोसा दिलाया कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और पूरी तरह से तथ्यपरक ढंग से की जा रही है। उन्होंने यह भी दोहराया कि कानून के सामने किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और बहुत जल्द इस मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।