मुकेश अंबानी ने गया में किया पिंडदान, पूर्वजों की आत्मा की मुक्ति के लिए की विशेष पूजा
मुकेश अंबानी ने पुत्र अनंत अंबानी व परिवार के साथ गया स्थित विष्णुपद मंदिर में पिंडदान और श्राद्ध किया। पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए विशेष पूजा अर्चना की।
देश के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी शुक्रवार को पुत्र अनंत अंबानी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सीधे गया पहुंचे। यहां उन्होंने मोक्ष की नगरी स्थित प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर में अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए पिंडदान और श्राद्ध किया।
मंदिर परिसर में उन्होंने गयाधाम की प्रमुख तीन पिंडवेदी—फल्गु, विष्णुपद और अक्षयवट—पर श्रद्धापूर्वक पिंड अर्पित किया और तर्पण की रस्म पूरी की। इसके बाद वे मंदिर के गर्भगृह में जाकर भगवान विष्णु के चरणों में विशेष पूजा-अर्चना में शामिल हुए।
विष्णुपद मंदिर प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष और उनके तीर्थ पुरोहित शंभू लाल विठ्ठल ने बताया कि मुकेश अंबानी ने गयाधाम की व्यवस्था की सराहना की और पिंडदान संपन्न कर अपने विशेष विमान से वापस लौट गए।
गौरतलब है कि इसी वर्ष उनके छोटे भाई अनिल अंबानी भी अपनी पत्नी के साथ यहां आकर पूर्वजों की आत्मा की मुक्ति के लिए पिंडदान कर चुके हैं।
विदित हो कि पितृपक्ष आश्विन कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा से अमावस्या तक मनाया जाता है। वैदिक परंपरा और हिंदू मान्यताओं के अनुसार, पूर्वजों के लिए श्रद्धा भाव से श्राद्ध और पिंडदान करना पुत्र धर्म का सबसे बड़ा कर्तव्य माना जाता है। यह विश्वास है कि इससे पितरों की आत्मा को मोक्ष की प्राप्ति होती है और वंशज का जीवन भी पुण्यफल से समृद्ध होता है।