"गांव की आत्मा, शहर की सुविधा" : मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां
रोहतास में मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास की गति तेज है। सरकार का लक्ष्य पंचायत के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुँचाना है।
पंचायती राज विभाग के मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने रोहतास जिला अतिथि गृह में प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास कार्यों की रफ्तार लगातार तेज हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि पंचायत के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचे।
मंत्री गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन "गांव की आत्मा, शहर की सुविधा" को साकार करने के लिए पंचायत स्तर पर लगातार काम हो रहा है। पंचायतों में सोलर लाइट, पंचायत सरकार भवन और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
विपक्ष पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास न नीति है, न नियत और न ही नेता, जबकि राज्य सरकार योजनाबद्ध तरीके से हर क्षेत्र में काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने हाल ही में पेंशन में बढ़ोतरी की है, हर घर को 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने का प्रावधान किया है और महिलाओं को रोजगारमुखी बनाने के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं।
मंत्री ने कहा कि जहां प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति की राह पर है, वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का चौमुखी विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।