कैमूर में गोरिया नदी की बाढ़ से तबाही, फसलें जलमग्न
जिले के रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गोरिया नदी में आई बाढ़ ने तबाही मचा दी है। बाढ़ की वजह से तीन पंचायतों के नौ गांवों की स्थिति गंभीर हो गई है। हजारों एकड़ में लगी खड़ी फसलें जलमग्न हो गई हैं।
जिले के रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गोरिया नदी में आई बाढ़ ने तबाही मचा दी है। बाढ़ की वजह से तीन पंचायतों के नौ गांवों की स्थिति गंभीर हो गई है। चंडेश और कलानी पथ पर लगभग दो फीट तक पानी भर गया है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हजारों एकड़ में लगी खड़ी फसलें जलमग्न हो गई हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ के भाजपा विधायक अशोक सिंह ने कृषि विभाग, रामगढ़ और नुआंव के अंचलाधिकारी तथा सहकारिता विभाग के अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों के नुकसान का त्वरित आकलन कर सरकार को मुआवजे की रिपोर्ट भेजी जाए।
स्थानीय निवासी अरुण कुमार राय और सुमंत राय ने बताया कि वे पिछले 70 वर्षों से गोरिया नदी की बाढ़ का सामना करते आ रहे हैं। बाढ़ के कारण हर साल फसलें नष्ट हो जाती हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई, केसीसी का ऋण चुकाना और घरेलू खर्च चलाना तक मुश्किल हो जाता है।
विधायक अशोक सिंह ने कहा कि सिर्फ एक दिन की बारिश में ही गोरिया नदी में बाढ़ आ जाती है। उन्होंने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया है, और जल्द ही नदी पर बड़े पुल का निर्माण और नदी की सफाई का कार्य शुरू किया जाएगा।