मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुरू की राज्य स्तरीय पंचायत कार्यशाला, जल गंगा संवर्धन अभियान के उत्कृष्ट कर्मियों को किया सम्मानित
भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 3 दिवसीय पंचायत प्रतिनिधि कार्यशाला और वाटरशेड महोत्सव का शुभारंभ किया। जल गंगा संवर्धन अभियान के उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पंचायतों को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के उद्देश्य से भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों की कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से वाटरशेड महोत्सव का भी शुभारंभ किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और राज्य मंत्री राधा सिंह भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत प्रदेश में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों तथा विशेष सहयोग देने वाले संगठनों के कर्मियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने सभी सम्मानित विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि जल संरक्षण प्रदेश की प्राथमिकता है और इस अभियान में दिए गए योगदान से पूरे मध्यप्रदेश को प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि जल स्रोतों और जल संरचनाओं के संरक्षण तथा उनके पुनर्जीवन के उद्देश्य से तीन माह तक चलाए गए जल गंगा संवर्धन अभियान में शामिल सभी कार्यकर्ताओं ने उल्लेखनीय कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने सभी पुरस्कृत प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं तथा कहा कि सरकार जल संरक्षण से जुड़े प्रत्येक प्रयास को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।