सीवान दौरे पर CM नीतीश कुमार: 558 करोड़ की नौ योजनाओं का करेंगे शिलान्यास
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज सीवान जिले के पचरुखी और पपौर गांव के दौरे पर रहेंगे। वे 558.35 करोड़ की लागत वाली 9 विकास योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जिनमें सड़क, रेल ओवरब्रिज और विद्युत परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज रविवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत सिवान जिले के पचरुखी प्रखंड के नारायणपुर और पपौर गांव का दौरा करेंगे। इस दौरान वे कुल ₹558.35 करोड़ की लागत वाली नौ विकास योजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार को डीएम डॉ. आदित्य प्रकाश, एसपी मनोज कुमार तिवारी, उप विकास आयुक्त मुकेश कुमार, सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद सहित कई वरीय अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
सीएम नीतीश कुमार सबसे पहले पचरुखी बाईपास स्थित नारायणपुर मोड़ पर आयोजित समारोह में भाग लेंगे, जहाँ वे नौ प्रमुख योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वे मोहम्मदपुर मोड़ (एनएच-531) से छपिया-टेढ़ीघाट-गोपालपुर (एनएच-227) तक बनने वाली सड़क का निरीक्षण करेंगे। तत्पश्चात वे पपौर गांव पहुँचकर जीविका दीदियों, पेंशनधारकों, ममता और आशा कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। कार्यक्रम के अंतिम चरण में वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर पटना रवाना होंगे।
जिन योजनाओं का होगा शिलान्यास
सड़क परियोजनाएं (पथ निर्माण विभाग):
-
₹120.48 करोड़ से 13.8 किमी लंबी पचरुखी बाईपास–मोहम्मदपुर मोड़ से छपिया-टेढ़ीघाट-गोपालपुर पथ का चौड़ीकरण व मजबूतीकरण।
-
₹18.26 करोड़ से 4.9 किमी भंटापोखर–जीरादेई पथ (वाया जामापुर बाजार) का चौड़ीकरण।
-
₹67.47 करोड़ से 16.25 किमी सिवान–आंदर पथ का चौड़ीकरण।
-
₹92.16 करोड़ से सिवान यार्ड से पचरुखी रेलवे स्टेशन के बीच रेल ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण।
विद्युत परियोजनाएं:
-
₹222.01 करोड़ से मैरवा में 220/132/33 केवी ग्रिड उपकेंद्र का निर्माण।
-
₹9.43 करोड़ से मशरख–महाराजगंज 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन की द्वितीय सर्किट स्ट्रिंगिंग।
-
₹8.49 करोड़ से सिवान ग्रिड उपकेंद्र में 80 MVA ट्रांसफार्मर की स्थापना।
-
₹10.12 करोड़ से सोनकरा (आंदर) में 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्र का निर्माण।
-
₹9.93 करोड़ से माधोपुर (महाराजगंज) में 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्र का निर्माण।
मुख्यमंत्री का यह दौरा न केवल जिले के लिए बड़ी सौगात लेकर आया है, बल्कि सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत करने की दिशा में भी अहम कदम माना जा रहा है।