सीतामढ़ी के कई प्रखंडों में जलस्तर गिरने से पेयजल संकट

सीतामढ़ी के कई प्रखंडों में जलस्तर गिरने से पेयजल संकट, डीएम रिची पांडे ने नल-जल योजना चालू रखने व चापाकल मरम्मत के निर्देश दिए।

सीतामढ़ी के कई प्रखंडों में जलस्तर गिरने से पेयजल संकट

जिले के डुमरा, परिहार, बोखरा, सोनबरसा और सुरसंड प्रखंडों में भीषण पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। भूजल स्तर में गिरावट के कारण इन क्षेत्रों के अधिकांश चापाकलों ने पानी देना बंद कर दिया है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग कई किलोमीटर दूर से पानी लाकर अपनी आवश्यकताएँ पूरी कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, शहर के बीच से बहने वाली लखनदेई नदी में नेपाल में भारी वर्षा के कारण दो बार बाढ़ आई, लेकिन इसके बावजूद नदी से सटे गांवों में भूजल स्तर में कमी दर्ज की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार जिला प्रशासन से पानी की व्यवस्था को लेकर मांग कर चुके हैं, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं मिल सका है।

स्थिति यह है कि सक्षम परिवार निजी समरसेबल बोरिंग लगवाकर अपनी जरूरतें पूरी कर रहे हैं, जबकि आर्थिक रूप से कमजोर लोग सरकार की 'नल-जल योजना' की ओर आशा भरी निगाहों से देख रहे हैं।

इस संबंध में जिला पदाधिकारी सीतामढ़ी रिची पांडे ने बताया कि जिन क्षेत्रों में जल संकट की सूचना मिली है, वहां की 'नल-जल योजना' को सुचारू रूप से चलाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, जहां-जहां चापाकल खराब हैं, उनकी मरम्मत के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

डीएम ने जिलेवासियों से अपील की कि जल के महत्व को समझें, पानी की बर्बादी न करें और आवश्यकता के अनुसार ही इसका उपयोग करें।