अल-फलाह यूनिवर्सिटी की गतिविधियों की जांच के लिए फरीदाबाद पुलिस ने गठित की विशेष SIT
फरीदाबाद पुलिस ने रेड फोर्ट कार ब्लास्ट मामले में अल-फलाह यूनिवर्सिटी की गतिविधियों की जांच के लिए विशेष SIT गठित की है, जो वित्तीय स्त्रोतों और विस्फोटक कड़ी की जांच करेगी।
दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट मामले में गिरफ्तार हुए कई डॉक्टरों के संबंध सामने आने के बाद फरीदाबाद पुलिस ने अल-फलाह यूनिवर्सिटी की गतिविधियों की गहन जांच के लिए एक अलग विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। इस SIT में दो सहायक पुलिस आयुक्त, एक इंस्पेक्टर और दो सब-इंस्पेक्टर शामिल हैं, जो विश्वविद्यालय से जुड़ी सभी गतिविधियों पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं।
फरीदाबाद के पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने SIT को निर्देश दिया है कि वे जांच करें कि किस तरह विश्वविद्यालय आतंकी गतिविधियों का केंद्र बन गया। SIT को यह भी पता लगाने का जिम्मा दिया गया है कि टेरर मॉड्यूल को फंडिंग कहां से मिल रही थी और विस्फोटक सामग्री की सप्लाई की पूरी कड़ी क्या थी। इसके साथ ही आसपास के गांवों के निवासियों की भूमिका पर भी अलग से रिपोर्ट तैयार की जा रही है, ताकि मॉड्यूल में स्थानीय नेटवर्क की जानकारी स्पष्ट हो सके।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह SIT उस समय बनाई गई जब डीजीपी ओ. पी. सिंह ने मंगलवार को अल-फलाह यूनिवर्सिटी का दौरा करते हुए कहा कि प्रशासन को इस मामले में निर्णायक भूमिका निभानी चाहिए। डीजीपी के निर्देश के बाद जांच को अधिक संगठित और गहन बनाने के लिए विशेष SIT का गठन किया गया।