Ghatampur: बरातियों से भरी बस खंती में पलटी, आठ लोग घायल, ग्रामीणों ने खिड़की तोड़कर यात्रियों को निकाला

घाटमपुर के भीतरगांव में बेहटा-बुजुर्ग गांव के पास बुधवार की रात लगभग नौ बजे बरातियों से भरी बस सामने से आ रही लकड़ी लदी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकारने के बाद खंती में जाकर पलट गई।

Ghatampur: बरातियों से भरी बस खंती में पलटी, आठ लोग घायल, ग्रामीणों ने खिड़की तोड़कर यात्रियों को निकाला

घाटमपुर के भीतरगांव में बेहटा-बुजुर्ग गांव के पास बुधवार की रात लगभग नौ बजे बरातियों से भरी बस सामने से आ रही लकड़ी लदी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकारने के बाद खंती में जाकर पलट गई। इस हादसे में सभी बराती बस में फंस गए। चीख पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीणों ने पहुंचकर बस की खिड़की तोड़कर बरातियों को बाहर निकाला। जेसीबी से बस को उठाकर नीचे दबे एक बराती को बाहर निकाला गया। इस हादसे में चालक समेत आठ बराती घायल हो गए। घायलों को भीतरगांव सीएचसी भेजा गया, वहां से चार को कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया।

नरवल थाना क्षेत्र के बेहटा सकट गांव निवासी राजमिस्त्री जगदीश कुरील के लड़के मुकेश की बरात बुधवार रात प्राइवेट बस से द्वारा घाटमपुर कोतवाली के चंवर स्योढ़ारी गांव जा रही थी। बस में लगभग 60-65 बराती सवार थे। तेज रफ्तार बस जैसे ही भीतरगांव के बेहटा-बुजुर्ग गांव के किनारे पहुंची, तभी सामने से आ रही लकड़ी लदी ट्रैक्टर ट्राली से टकराकर खंती में जाकर पलट गई।

घायल बरातियों हिमांशू (14), अंशू (17), गोरेलाल (65), रामरतन (65) सभी निवासी बेहटा सकट, रणजीत (65) निवासी अमौली थाना महराजपुर, देशराज (48) निवासी भेलगांव थाना बकेवर, संतोष कुमार (48) निवासी मोहार थाना कल्याणपुर जनपद फतेहपुर तथा बस चालक करन (42) निवासी पाली नरवल को एंबुलेंस से भीतरगांव सीएचसी ले जाया गया।
चिकित्साधीक्षक डॉ. मनीष तिवारी ने बताया चार गंभीर घायलों अंशू, गोरेलाल, संतोष व चालक करन को हैलट रेफर किया गया है। बाकी का उपचार चल रहा है। उधर, बताया जा रहा है कि बस चालक नशे में धुत्त था। घायलों के साथ सीएचसी आए बरातियों ने बताया कि चालक करन बस को तेज रफ्तार से चला रहा था। घटनास्थल पर घुमावदार मोड़ होने पर भी रफ्तार कम न करने से हादसा हो गया।