Haryana: अजय चौटाला बोले- जजपा की चाबी से ही खुलेगा विधानसभा का ताला, पार्टी अध्यक्ष पिहोवा पहुंचे

जननायक जनता पार्टी अध्यक्ष अजय चौटाला पिहोवा पहुंचे। वह बोले कि जिनका कोई वजूद नहीं वे भी सीएम बनने का सपना देखते हैं। 

Haryana: अजय चौटाला बोले- जजपा की चाबी से ही खुलेगा विधानसभा का ताला, पार्टी अध्यक्ष पिहोवा पहुंचे

हरियाणा के कुरुपक्षेत्र के पिहोवा में आठ अक्तूबर के बाद प्रदेश की विधानसभा का ताला जजपा की चाबी से ही खुलेगा। यह दावा जजपा अध्यक्ष अजय चौटाला ने किया। वे शनिवार को विधानसभा चुनाव में अपने दौरे के दौरान पिहोवा पहुंचे थे, जहां उन्होंने पार्टी प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए अपील भी की। उन्होंने पत्रकारों से भी चर्चा की।

उनके साथ जजपा प्रत्याशी डॉ. सुखविंद्र कौर भी रही। चौटाला ने कहा कि वे जनता के लिए बेहतर कार्य कर रहे हैं। चौधरी देवीलाल के समय से अब तक के उनके कार्यों को अन्य राजनीतिक दलों के साथ तराजू में तोलकर देख लें उनका पलड़ा भारी रहेगा।

उन्होंने हुड्डा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे अपने गिरेबान में झांककर देखें। अशोक तंवर और कुमारी सैलजा से राज्यसभा टिकट छीनकर जो किया है वो किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा कि वह पैसों के बलबूते पर चुनाव लड़ रही है। अन्य राजनीतिक दलों पर भी बोले कि जिनका कोई वजूद नहीं वो भी सीएम बनने का सपना देखकर सोते हैं।

अंतिम फैसला तो जनता का ही होगा। यह जनता को देखना है कि वह किसे अपना सीएम बनाना चाहती है। उन्होंने बताया कि जजपा पूरी तैयारी के साथ चुनाव लड़ रही है और उनके सभी प्रत्याशी मजबूती के साथ मैदान में हैं। पार्टी की ओर से दो अक्तूबर को उचाना व तीन अक्तूबर को डबवाली में बड़ी रैलियों का आयोजन होगा।