Sonipat News: लोकसभा चुनाव का हुआ शंखनाद, प्रत्याशियों को कसौटी पर परखेंगे 1175252 मतदाता

लोकसभा चुनाव का शंखनाद हो गया है। जिले के 1175252 मतदाता प्रत्याशियों को अपनी कसौटी पर परखेंगे। इनमें 627941 पुरुष, 547277 महिला और 34 मंगलामुखी मतदाता शामिल हैं।

Sonipat News: लोकसभा चुनाव का हुआ शंखनाद, प्रत्याशियों को कसौटी पर परखेंगे 1175252 मतदाता

लोकसभा चुनाव का शंखनाद हो गया है। जिले के 1175252 मतदाता प्रत्याशियों को अपनी कसौटी पर परखेंगे। इनमें 627941 पुरुष, 547277 महिला और 34 मंगलामुखी मतदाता शामिल हैं।

सोनीपत। लोकसभा चुनाव का शंखनाद हो गया है। जिले के 1175252 मतदाता प्रत्याशियों को अपनी कसौटी पर परखेंगे। इनमें 627941 पुरुष, 547277 महिला और 34 मंगलामुखी मतदाता शामिल हैं। सबसे अधिक मतदाता सोनीपत विधानसभा तो सबसे कम खरखौदा विधानसभा क्षेत्र में हैं। सोनीपत लोकसभा में 1743532 मतदाता मतदान करेंगे। चुनावी तिथि घोषित होने के साथ ही अब चुनावी सरगर्मी तेज हो जाएंगी। आचार संहिता लागू होने के बाद जहां प्रशासन चुनाव की तैयारियों में जुट गया है वहीं पार्टियों ने भी प्रत्याशी का चयन करने के लिए प्रक्रिया तेज कर दी है।

प्रदेश में सोनीपत के साथ ही सभी लोकसभा सीटों पर 25 मई को मतदान होगा। जिले के 1175252 मतदाता तो लोकसभा क्षेत्र में 1743532 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान छठे चरण में होने के कारण प्रदेश में लोकसभा प्रत्याशियों व राजनीतिक पार्टियों को प्रचार के लिए खूब समय मिलेगा। चुनाव की घोषणा के साथ ही अब जल्द ही भाजपा, कांग्रेस, जजपा, इनेलो व लोसुपा समेत अन्य राजनीतिक दल अपने प्रत्याशी घोषित करेंगे। लोस चुनाव में 25 मई को मतदान तो 4 जून को मतगणना होगी। अब सभी को प्रत्याशियों का इंतजार है। उसके बाद ही जनता तय करेगी कि वह किसे अपना मत देंगे। पार्टियां लोकसभा चुनाव की तिथि घोषित होने का इंतजार कर रही थीं और इस कारण सोनीपत में अभी तक किसी ने भी अपने प्रत्याशी को लेकर स्थिति साफ नहीं की है। अब चुनाव की तिथियों की घोषणा होने से जल्द ही सभी पार्टियों के प्रत्याशियों के नाम सामने आ जाएंगे।

सोनीपत लोस में शामिल है नौ विधानसभा, प्रचार को मिले सवा दो माह

सोनीपत लोकसभा क्षेत्र में 9 विधानसभा शामिल हैं। इसमें सोनीपत जिले में सोनीपत, राई, गन्नौर, खरखौदा, बरोदा, गोहाना है तो जींद जिले में सफीदों, जींद व जुलाना को शामिल किया गया है। हरियाणा लोकसभा चुनाव छठे चरण में होने के कारण सोनीपत में भी राजनीतिक दलों को प्रचार के लिए करीब सवा दो माह का समय मिला है। पार्टियों ने चुनाव के लेकर तैयारी तेज कर दी है।

जिले में पिछले विस चुनाव से 107929 मतदाता बढ़े

वर्ष 2019 में हुए विधानसभा चुनाव में जिले में मतदाताओं की संख्या 10,67,323 थी। इस बार 1175252 हो गई है। यानि पिछले विधानसभा चुनाव से इस बार लोकसभा चुनाव तक मतदाताओं की संख्या में 107929 मतदाताओं की वृद्धि हो गई। इनमें भी महिला मतदाताओं में अपेक्षाकृत ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। जिले में वर्तमान में 627941 पुरुष व 547277 महिला और 34 मंगलामुखी है। पूरे लोकसभा क्षेत्र में 1743532 हो गई है।

जिले में इस प्रकार है मतदाताओं की संख्या

विधानसभा क्षेत्र पुरुष मतदाता महिला मतदाता कुल

गन्नौर 103003 88958 191961

राई 104436 88876 193321

खरखौदा 93430 80832 174271

सोनीपत 124649 114584 239238

गोहाना 101526 88482 190018

बरोदा 100897 85545 186443

नोट : सोनीपत के सभी विस क्षेत्र में मिलाकर 34 मंगलामुखी भी हैं। साथ ही जींद में 196276, सफीदों में 191157 व जुलाना में 180847 मतदाता हैं।

जिले में 1260 पोलिंग बूथों पर होगा मतदान

सोनीपत जिले में वर्तमान में 1260 पोलिंग बूथ हैं, जिनपर मतदान होगा। इसके अलावा जींद जिले के 3 विधानसभा क्षेत्रों में पोलिंग बूथों की संख्या 485 है। विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार बूथों की संख्या इस प्रकार है :

बरोदा : 223

गन्नौर : 223

राई : 208

सोनीपत : 203

खरखौदा : 189

गोहाना : 214

जींद : 191

जुलाना : 194

सफीदों : 200

इस प्रकार देखा जा सकता है सूची में अपना नाम

चुनाव तहसीलदार ने बताया कि नए वोट बनाने के प्रति लोगों ने काफी उत्साह दिखाया है। खासकर महिला वर्ग इस दिशा में आगे बढ़ा है। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाकर सर्च इन इलेक्टोरल रोल ऑप्शन पर क्लिक करना होगा। इसके बाद स्क्रीन पर एक फार्म निकलेगा। इसमें जरूरी डिटेल भरने के बाद सर्च ऑप्शन पर क्लिक करेंगे तो मतदाता सूची से संबंधित आपकी जानकारी सामने आ जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने भी जारी किया शेड्यूल

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने लोकसभा आम चुनाव-2024 का शेड्यूल जारी करते हुए चुनाव की तारीखों का एलान किया है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार हरियाणा की सभी दस लोकसभा सीटों पर 25 मई को मतदान होगा और 4 जून को मतगणना होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला में लोकसभा चुनाव को लेकर 29 अप्रैल 2024 के नामांकन को लेकर गजट अधिसूचना जारी की जाएगी और 29 अप्रैल से ही नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत होगी। इसके बाद लोकसभा चुनाव के लिए सभी उम्मीदवार 6 मई तक अपना नामांकन दर्ज करवा सकेंगे। उन्होंने बताया कि 7 मई को सभी दर्ज नामांकनों की छंटनी की जाएगी और 9 मई तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापिस ले सकेंगे। इसके बाद 25 मई को मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी।