डाक विभाग ने स्पीड पोस्ट टैरिफ में संशोधन किया, अब मिलेगी नई सुविधाएं और छात्रों को 10% छूट

डाक विभाग ने इनलैंड स्पीड पोस्ट दस्तावेज़ टैरिफ में संशोधन किया है। नई दरें 1 अक्टूबर से लागू होंगी। छात्रों को 10% छूट और नए बल्क ग्राहकों को 5% छूट मिलेगी। नई सुविधाओं में ओटीपी आधारित डिलीवरी और रियल-टाइम अपडेट शामिल हैं।

डाक विभाग ने स्पीड पोस्ट टैरिफ में संशोधन किया, अब मिलेगी नई सुविधाएं और छात्रों को 10% छूट

डाक विभाग ने इनलैंड स्पीड पोस्ट (दस्तावेज़) टैरिफ में संशोधन करते हुए ग्राहकों की सुविधा, सुरक्षा और भरोसे को बढ़ाने के लिए नई सुविधाओं की घोषणा की है। नई दरें 1 अक्टूबर से लागू होंगी।

नई स्पीड पोस्ट दरें

  • स्थानीय क्षेत्रों में 50 ग्राम तक के दस्तावेज़ों के लिए नई दर 19 रुपये होगी।

  • 50 ग्राम से 250 ग्राम तक के लिए 24 रुपये और 250 से 500 ग्राम तक के लिए 28 रुपये तय किए गए हैं।

  • 200 किमी तक और उससे अधिक दूरी (2000 किमी तक) के लिए 50 ग्राम तक के दस्तावेज़ों पर 47 रुपये शुल्क लगेगा।

  • 50 से 250 ग्राम तक के दस्तावेज़ों पर 200 किमी दूरी के लिए 59 रुपये और 2000 किमी से अधिक दूरी पर 77 रुपये शुल्क लगेगा।

  • अन्य दरें दूरी के आधार पर 70 रुपये से 93 रुपये तक होंगी।

  • सभी दरों पर जीएसटी लागू होगा।

छात्रों और ग्राहकों के लिए छूट

छात्रों की सुविधा के लिए स्पीड पोस्ट टैरिफ पर 10% की छूट दी जाएगी। इसके अलावा नए बल्क ग्राहकों को 5% की विशेष छूट भी मिलेगी। उल्लेखनीय है कि इनलैंड स्पीड पोस्ट टैरिफ में पिछला संशोधन अक्टूबर 2012 में किया गया था।

वैल्यू-ऐडेड सर्विस

स्पीड पोस्ट के तहत रजिस्ट्रेशन सुविधा भी उपलब्ध है। इसके लिए प्रति आर्टिकल 5 रुपये शुल्क (प्लस जीएसटी) लिया जाएगा। इस सेवा के अंतर्गत डाक सामग्री केवल पतेदार या उनके अधिकृत व्यक्ति को ही सौंपी जाएगी।

नई सुविधाएं

नई व्यवस्था में ग्राहकों को कई आधुनिक फीचर्स मिलेंगे, जिनमें शामिल हैं—

  • ओटीपी आधारित सुरक्षित डिलीवरी

  • ऑनलाइन भुगतान सुविधा

  • एसएमएस आधारित डिलीवरी नोटिफिकेशन

  • रियल-टाइम डिलीवरी अपडेट

संचार मंत्रालय ने कहा है कि इन सुधारों का उद्देश्य स्पीड पोस्ट सेवाओं को और अधिक विश्वसनीय, सुरक्षित और ग्राहक-अनुकूल बनाना है।