लखनऊ में दिखा ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ अभियान का असर, पेट्रोल पंपों पर बढ़ी जागरूकता

लखनऊ में ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ अभियान का असर पहले दिन से दिखा। पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट आने वालों को ईंधन नहीं मिला, लोगों ने इसे सड़क सुरक्षा के लिए सराहनीय पहल बताया।

लखनऊ में दिखा ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ अभियान का असर, पेट्रोल पंपों पर बढ़ी जागरूकता

प्रदेश में सोमवार से शुरू हुए ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ अभियान का असर राजधानी लखनऊ में पहले ही दिन देखने को मिला। शहर के पेट्रोल पंपों पर बड़ी संख्या में लोग हेलमेट पहनकर पहुंचे और बिना हेलमेट आने वालों को ईंधन देने से मना कर दिया गया।

दूरदर्शन समाचार से बातचीत में अधिकांश लोगों ने इस कदम का स्वागत किया। उनका कहना था कि यह पहल न केवल सड़क सुरक्षा के लिए जरूरी है, बल्कि लोगों को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का भी एक प्रभावी तरीका है।

राज्य सरकार का यह निर्णय सड़क हादसों में कमी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अभियान के पहले ही दिन लोगों की सजगता दिखी और उन्होंने इसे अपनी सेफ्टी के लिए अच्छा कदम बताया। भाजपा नेताओं ने भी कहा कि यह पहल जनता में जिम्मेदारी का अहसास दिलाने और ट्रैफिक नियमों का पालन कराने के लिए बेहद जरूरी है।