पटना में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का काफिला रोका गया, डाक बंगला चौराहा से आगे जाने की अनुमति नहीं
पटना में डाक बंगला चौराहा पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव का काफिला रोका गया। प्रशासन ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी।
पटना में सोमवार को उस समय राजनीतिक हलचल तेज हो गई जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव का काफिला डाक बंगला चौराहा पहुंचा। प्रशासन ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए काफिले को वहीं रोक दिया और आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी।
आईजी जितेंद्र राणा ने जानकारी दी कि चौराहा से आगे किसी भी राजनीतिक रैली या जुलूस को जाने की अनुमति नहीं है। यह निर्णय पहले से तय सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक आदेशों के तहत लिया गया है।
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा ने भी मौके की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए कड़े निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद कुछ देर तक हल्का तनाव जरूर देखने को मिला, लेकिन स्थिति सामान्य हो गई। काफिले के रुकने के बाद राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने कुछ देर तक कार्यकर्ताओं से संवाद किया और फिर शांतिपूर्वक लौट गए।