छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद मिनीमाता जी की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद मिनीमाता जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान और आदर्शों को याद किया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद और महान समाजसेविका स्वर्गीय मिनीमाता जी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि मिनीमाता जी का जीवन निस्वार्थ सेवा, अटूट साहस और सामाजिक परिवर्तन का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने याद किया कि मिनीमाता जी ने वंचित वर्गों, महिलाओं, दलितों और गरीबों के अधिकारों की रक्षा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया और समाज में सम्मान, समानता एवं न्याय की नींव को मजबूत किया।
संसद में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने बाल विवाह, दहेज प्रथा और छुआछूत जैसी कुरीतियों के खिलाफ सशक्त स्वर उठाया। मजदूरों के अधिकार, महिला शिक्षा के प्रसार और सामाजिक समानता की स्थापना में उनका योगदान इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मिनीमाता जी की विचारधारा वर्तमान और भविष्य के लिए एक प्रकाशस्तंभ है, और हम सभी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर एक सशक्त, समावेशी और प्रगतिशील छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देना चाहिए।